ऋषिकेश/सिमरन मोरया/- पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं और परिसर के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर NSUI ऋषिकेश ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन को 26 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
NSUI ऋषिकेश के महानगर अध्यक्ष और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में परिसर की शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय स्थापित करने, कैंटीन निर्माण, MBA, MCA और BA (योग) जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा विज्ञान प्रयोगशालाओं के विस्तार और प्लेसमेंट सेल शुरू करने की मांग भी रखी गई है।
छात्र संगठन ने परिसर में ऑफलाइन फीस काउंटर, बस और टेंपो पास की सुविधा, सुरक्षा के लिए गार्ड चेक पोस्ट, हाई-स्पीड वाई-फाई, पर्याप्त पार्किंग और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसके साथ ही केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, छात्रावास निर्माण, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा परिसर में एटीएम और जन सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। छात्रों की सुरक्षा और विशेष रूप से छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाओं पर भी जोर दिया गया।
हिमांशु जाटव ने कहा कि यह ज्ञापन केवल संगठन की मांग नहीं, बल्कि परिसर में पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को सामने रखता है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य समस्याओं को उठाने के साथ उनका समाधान सुनिश्चित कराना है। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाता है तो NSUI लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
वहीं छात्र नेता मानव रावत ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान सिर्फ उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि छात्रों को मिलने वाली सुविधाएं भी महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं, बेहतर पुस्तकालय, खेल सुविधाओं, प्लेसमेंट और परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की।
NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से 26 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान रेहन बंदोलिया, उदित झा, शिवानी नेगी, सृष्टि रमोला, प्रिया, वेदांग भट्ट, अतुल डोभाल, सुंदर, आशीष गुप्ता, आकांक्षा और भव्य सिंह रावत सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


More Stories
दिल्ली में कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने की मांग तेज
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
अवैध नशा मुक्ति केंद्र बंद होने पर विधायक को धन्यवाद
कांवड़ यात्रा: 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे
क्रिकेट कोच की नियुक्ति पर सवाल!
गुभाना में रविंद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा