नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,: देशभर में नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. दिल्ली में भी अलग-अलग इलाकों में भव्य पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. राजधानी का चितरंजन पार्क, जिसे दिल्ली का ‘मिनी बंगाल’ कहा जाता है,
दुर्गा पूजा के लिए खास पहचान रखता है. यहां हर साल अलग-अलग थीम पर भव्य पंडाल बनाए जाते हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
इस बार चितरंजन पार्क के कोऑपरेटिव ग्राउंड में जूट की थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल की सजावट से लेकर मां दुर्गा की प्रतिमा तक में जूट की थीम को प्रमुखता दी जा रही है. खास बात यह है कि प्रतिमा को पंडाल परिसर में ही तैयार किया जा रहा है

और इसे पूरी तरह इको-फ्रेंडली तरीके से बनाया जा रहा है. कोऑपरेटिव ग्राउंड पूजा समिति के ऑर्गेनाइजिंग मेंबर सुबीर दत्ता ने बताया कि यहां हर साल दुर्गा पूजा के लिए अलग थीम चुनी जाती है. पिछले साल पूजा के 50 वर्ष पूरे होने पर गोल्डन जुबली मनाई गई थी. इस साल पूजा का 51वां वर्ष है और इसी मौके पर जूट को थीम बनाया गया है.
उन्होंने बताया कि जूट का संबंध बंगाल से रहा है. इसे ‘गोल्डन फाइबर’ के नाम से भी जाना जाता है और यह पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद है. जूट उद्योग को बढ़ावा देने और लोगों को इसके महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से इस बार पंडाल की थीम जूट पर आधारित रखी गई है.
मिट्टी से तैयार हो रही मां दुर्गा की प्रतिमा
पूजा पंडाल की सबसे खास विशेषता यहां तैयार की जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा है. समिति के मुताबिक, प्रतिमा पूरी तरह मिट्टी से तैयार की जा रही है. यहां तक कि प्रतिमा के कपड़ों को भी मिट्टी से तैयार कर जूट थीम के अनुरूप रंग दिया जा रहा है. समिति का दावा है कि अपनी विशेष प्रतिमा के लिए उसे हर साल ‘बेस्ट मूर्ति’ का अवॉर्ड मिलता है.
15 से 20 अक्टूबर तक चलेगी पूजा

समिति के मुताबिक, महापंचमी से पूजा की शुरुआत होगी और 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक विशेष आयोजन किए जाएंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. समिति के अनुसार, हर साल लाखों लोग पूजा पंडाल देखने और मां दुर्गा के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पिछले करीब दो महीने से तैयारियां चल रही हैं. सुरक्षा के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड, पूजा समिति के सदस्य और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे.
चितरंजन पार्क में इस बार भी अलग-अलग पूजा समितियों की ओर से विभिन्न थीम पर पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. रात के समय इन पंडालों की रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहती है. महाष्टमी और महानवमी के अवसर पर विशेष पूजा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा.





More Stories
11 घंटे तक चला हाई-प्रोफाइल ड्रामा
छह घंटे में सुलझी 30 लाख की ज्वेलरी चोरी, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
द्वारका में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री का भंडाफोड़, 106 ई-सिगरेट बरामद
दिल्ली में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई: 5 हजार क्वार्टर अवैध शराब बरामद, आरोपी हिरासत में
दिल्ली-NCR में अक्टूबर महीने में गर्मी ने छुड़ाए लोगों के पसीने, जानें आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली: अक्टूबर के पहले सप्ताह में डेंगू के 98 नए मामले दर्ज हुए, कुल संख्या 695 तक पहुंची