
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो, : राजधानी में एक बार फिर से हॉट एयर बलून की सवारी का लोग लुत्फ उठा सकेंगे. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) 14 नवंबर से सराय काले खां के बांसेरा पार्क में हॉट एयर बलून की सवारी दोबारा शुरू कर सकता है. अधिकारियों के मुताबिक, इस बार टिकट की कीमत पिछले साल के मुकाबले कम रखे जाने की संभावना है. यह सवारी सुबह और शाम के समय कराई जा सकती है.
दिल्ली में हॉट एयर बलून की सवारी पिछले साल नवंबर में सराय काले खां स्थित बांसेरा पार्क से शुरू की गई थी. अब इसे फिर से शुरू करने की तैयारी है. एक आयोजक के मुताबिक, 14 नवंबर से आम लोगों के लिए सवारी शुरू करने की योजना है. इसके लिए मौसम भी अनुकूल माना जा रहा है. हालांकि, इसकी शुरुआत और संचालन से जुड़ी अंतिम जानकारी का इंतजार है.
कितनी ऊंचाई तक उड़ सकेगा बलून?

हॉट एयर बलून की सवारी के दौरान लोगों को जमीन से करीब 150 फीट की ऊंचाई तक जाने का मौका मिल सकता है. वहां से आसपास के इलाके और यमुना के नजदीकी हिस्सों का नजारा देखने को मिलेगा. यह सवारी उन लोगों के लिए खास हो सकती है, जो दिल्ली में रहते हुए कुछ अलग तरह का अनुभव लेना चाहते हैं.
कितनी देर की होगी सवारी, कितने लोग बैठ सकेंगे?
हॉट एयर बलून की सवारी आमतौर पर 7 से 12 मिनट तक चलती है. इसमें एक समय में चार लोग सवार हो सकते हैं. बलून को रस्सियों से बांधकर उड़ाया जाएगा. यानी यह किसी गर्म हवा के गुब्बारे में खुले आसमान में दूर तक जाने वाली यात्रा नहीं, बल्कि एक तय जगह पर नियंत्रित तरीके से ऊपर उठने और नीचे आने का अनुभव होगा.
सुबह और शाम को मिलेगा रोमांच का मौका
आयोजकों के मुताबिक, बलून उड़ाने के लिए मौजूदा मौसम अनुकूल है. ऐसे में सुबह और शाम के समय सवारी संचालित की जा सकती है. हालांकि, रोजाना की टाइमिंग, मौसम के आधार पर संचालन और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
पिछले साल कितनी थी टिकट की कीमत?

पिछले साल हॉट एयर बलून की सवारी के लिए प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत करीब 2,300 रुपये रखी गई थी. इस बार ज्यादा लोगों को आकर्षित करने के लिए टिकट की दरें कम किए जाने पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, नई टिकट कीमत अभी तय होने की पुष्टि नहीं हुई है.
डीडीए ने पिछले साल यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राष्ट्रमंडल खेल कॉम्प्लेक्स और यमुना किनारे स्थित असिता व बांसेरा को इस गतिविधि के लिए चुना था. फिलहाल बांसेरा के अलावा दूसरे स्थानों पर विस्तार की योजनाएं रोक दी गई हैं. ऐसे में शुरुआती तौर पर लोगों को सराय काले खां के बांसेरा पार्क में ही इस रोमांचक सवारी का मौका मिलने की संभावना है.





More Stories
देशभर में सबसे प्रदूषित ग्रेटर नोएडा, AQI पहुंचा 357 के पार, जहरीली हवा से सांसों पर संकट
टैक्सी से करते थे ड्रग डिलीवरीः पति-पत्नी गिरफ्तार, बच्चे से कराते से तस्करी, हेरोइन बरामद
एक्टर दिलजीत दोसांझ के शो पर घमासान… BJP का AAP पर पलटवार, ओछी राजनीति का आरोप
दिल्ली में यमुना पर फिर तैरता दिखा जहरीला झाग, प्रदूषण पर उठे सवाल
मेरी नीतियों के केंद्र में युवा ही हैं, मजबूत भारत के निर्माण में वे अहम: चिन्मय अमृत महोत्सव में बोले पीएम मोदी
ऋषिकेश में राज्य आन्दोलनकारियों की चेतावनी, 9 नवंबर के बाद अब राज्य में यूथ ब्रिगेड के साथ जिलेवार जन आंदोलन होगा