चंडीगढ़/- पंजाब की भगवंत मान सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया। राज्य के रिटायर्ड कर्मचारियों को दिवाली का गिफ्ट देते हुए पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली कर दी गई है। इस तरह राज्य के रिटायर्ड हो चुके कर्मचारियों को अब पुरानी पेंशन दी जाएगी। यह फैसला राज्य के लाखों पूर्व कर्मचारियों के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद होने वाला है।
मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में कई अन्य अहम फैसले भी लिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि धार्मिक ग्रंथ को ले जाने वाले वाहनों को टैक्स से छूट देने के निर्णय को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, पंजाब के युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता देने के लिए भर्ती के नियमों में बदलाव को मंजूरी भी दी गई। वहीं, मोहाली में मेडिकल कॉलेज के नई जगह की स्वीकृति देने का भी फैसला लिया गया।
पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ’’हमने पंजाब को वादा किया था कि पंजाब में पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। आज भगवंत मान जी ने वादा पूरा किया। पंजाब के सभी कर्मचारियों को बधाई। नई पेंशन स्कीम नाइंसाफी है। पूरे देश में वापस पुरानी पेंशन स्कीम लागू होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश और गुजरात की जनता यदि मौका देगी, तो वहां भी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करेंगे।’’
पिछले कुछ चुनावों में पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली एक बड़ा मुद्दा बना है। कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन स्कीम को फिर से बहाल कर दिया था, जबकि केंद्र सरकार से भी इसकी बहाली की अपील की थी। वहीं, अगले साल मध्य प्रदेश में होने वाले चुनाव को लेकर भी कांग्रेस ने वादा किया है कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो राज्य में राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया जाएगा। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी हिमाचल प्रदेश और गुजरात में पुरानी पेंशन बहाली का वादा किया है।


More Stories
शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण में भारी मतदान, 3 बजे तक 79% वोटिंग
पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा पत्र
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई मंजिलों तक फैली लपटें; इलाके में मचा हड़कंप
गुरुग्राम में नवाचार और उद्यमशीलता का संगम, 200 प्रतिभागियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर
उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले ही सप्ताह में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे