मुंबई/सिमरन मोरया/- निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का ऑफिशियल ट्रेलर बुधवार को शुभ ब्रह्म मुहूर्त में विश्वभर में रिलीज कर दिया गया। करीब 4 मिनट 9 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में भव्य विजुअल्स, दमदार एक्शन और भावनात्मक कहानी की झलक देखने को मिली। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया।
ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण अवतार से होती है, जहां वह तीनों लोकों पर अपना अधिकार जताते नजर आते हैं। इसके बाद भगवान विष्णु के अवतार राम के रूप में रणबीर कपूर की एंट्री होती है, जिनका परिचय राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल अपनी प्रजा से कराते हैं।
ट्रेलर में अयोध्या की भव्यता, राम और सीता के विवाह, 14 वर्ष के वनवास, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण और अंत में राम-रावण युद्ध की झलक दिखाई गई है। ट्रेलर के अंतिम दृश्य में भगवान राम का संवाद—”यदि रावण तीनों लोकों का स्वामी है, तो तीनों लोकों को उसकी मृत्यु देखनी होगी”—दर्शकों में रोमांच भर देता है।
फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण इसके शानदार विजुअल इफेक्ट्स हैं। ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG द्वारा तैयार किए गए वीएफएक्स में लंका, युद्ध के विशाल दृश्य और पौराणिक संसार को बेहद भव्य तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म प्राचीन भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित है और इसे दो भागों में बनाया जा रहा है। कहानी भगवान राम के जीवन, वनवास और रावण के खिलाफ धर्म की जीत को बड़े पर्दे पर भव्य रूप में पेश करेगी।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं फिल्म का संगीत हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जो इसकी खासियतों में शामिल है।
निर्माताओं के अनुसार ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के बीच आएगा।


More Stories
हॉकी टीम की नई जर्सी पर विवाद – पहले भी बदल चुकी है जर्सी!
बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ा सियासी घमासान, प्रशांत किशोर का बीजेपी पर आरोप!
राजस्थान में रोजगार मेले की शुरुआत!
असम में बाढ़ का कहर जारी
द्वारका नॉर्थ पुलिस की कार्रवाई, दो वाहन चोर गिरफ्तार
द्वारका पुलिस ने घोषित अपराधी को दबोचा