बहादुरगढ़/सिमरन मोरया/- बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (BRG) साइक्लिंग ग्रुप के साइक्लिस्टों ने बहादुरगढ़ से हरिद्वार तक 500 किलोमीटर से अधिक की अप-डाउन साइकिल यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर एक नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। तीन दिन तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के दौरान साइक्लिस्टों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।
यह अभियान 23 जुलाई की शाम 6 बजे बहादुरगढ़ से शुरू हुआ। टीम ने करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से लगातार साइक्लिंग करते हुए लगभग 16 घंटे में हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए। इसके बाद वापसी यात्रा शुरू की गई और लगभग 15 घंटे का सफर तय करते हुए सभी साइक्लिस्ट 26 जुलाई सुबह 9:30 बजे सुरक्षित बहादुरगढ़ लौट आए।

यात्रा का मार्ग बहादुरगढ़, गोहाना, पानीपत, शामली, मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए पुनः इसी मार्ग से बहादुरगढ़ तक रहा। पूरे सफर के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और तालियों से साइक्लिस्टों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस वर्ष के अभियान में बीआरजी के साथ भिवानी साइक्लिंग कम्युनिटी (BCC), पेडल पल्स दिल्ली (PPD) और आरपीएस साइक्लिंग ग्रुप के सदस्य भी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर फिटनेस, स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस ऐतिहासिक यात्रा में जैदेव राठी, नितिन अत्री, अमित कादियान, मुकेश कुमार, कुमार गौरव, अजमेर हुड्डा, दीपक ग्रेवाल, शिवम भारद्वाज, राज प्रकाश, अनुज गोस्वामी, जितेंद्र पाल, नरेश शर्मा, नरेंद्र कुमार, प्रशांत शर्मा, सुबोध दुहान, पवन कौशिक, अंकुर अग्रवाल सहित अन्य साइक्लिस्टों ने हिस्सा लिया। सभी ने कठिन मौसम, लंबी दूरी और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अनुशासन, टीमवर्क और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए अभियान को सफल बनाया।
बीआरजी के संस्थापक दीपक छिल्लर ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। भविष्य में भी बीआरजी ऐसे जनहितकारी अभियानों के माध्यम से ‘फिट बहादुरगढ़, फिट हरियाणा और फिट भारत’ के संकल्प को मजबूत करता रहेगा।
बीआरजी साइक्लिंग ग्रुप की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सामूहिक प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। साथ ही यह अभियान युवाओं को फिटनेस अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में प्रेरणादायी पहल बनकर उभरा।


More Stories
द्वारका पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग दबोचा!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, चार विदेशी नागरिक डिपोर्ट!
रूप नगर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात
बुराड़ी पुलिस ने ऑटो लिफ्टर और स्नैचर गैंग का किया भंडाफोड़!
प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, 150 क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार