नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिले के बिंदापुर थाना पुलिस ने एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी और स्नैचिंग से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले के संदर्भ में बताया कि हाल ही में जेल से छूटे और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बिंदापुर थाना पुलिस की एक विशेष टीम को सूचना मिली कि उमंग उर्फ मंगू नामक एक कुख्यात अपराधी इलाके में घूम रहा है। सूचना के अनुसार आरोपी लोगों को चाकू दिखाकर डराता था और चोरी एवं स्नैचिंग जैसी वारदातों में शामिल रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी मिले, जिनकी जांच करने पर वे चोरी के निकले।
आरोपी की पहचान-
पुलिस ने आरोपी की पहचान 25 वर्षीय उमंग उर्फ मंगू निवासी गुरु हरिकिशन नगर, उत्तम नगर के रूप में की है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशे का आदी है और लोगों में भय पैदा करने के लिए अपने पास चाकू रखता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े पांच से अधिक मामलों में शामिल रह चुका है। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में दर्ज तीन अलग-अलग ई-एफआईआर मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
द्वारका पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


More Stories
”यूरोप की अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोल्डन गर्ल केशवी डागर का झाड़ौदा गांव में भव्य सम्मान”
रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा रद्द, केंद्र से नहीं मिली मंजूरी!
मुंबई में एयरहोस्टेस से दुष्कर्म का आरोप, किन्नर बनकर घर में घुसा आरोपी
”दिल्ली के द्वारका स्तिथ यशोभूमि में शुरू हुआ मटेशिया 2026”
तिरंगे के साथ दौड़े 80 धावक, साइकिलिस्टों ने पूरी की 80 किमी राइड
मधु विहार में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस