
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/राज्य ब्यूरो,: उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ किया जाएगा. नाम बदलने के प्रस्ताव को यूपी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. यह जानकारी शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने कैबिनेट में अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया है. उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर का दिन इतिहास में गौरवशाली दिवस के रूप में दर्ज हुआ है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश से सांसद और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए यह राज्य के लिए विशेष गौरव का विषय है. उन्होंने प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम और जनसेवा के प्रति समर्पण उनकी कार्यशैली के प्रमुख आधार रहे हैं. इस दौरान वैश्विक मंच पर भारत की पहचान मजबूत हुई है.
मुख्यमंत्री ने साल 2014 का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी आए थे, तब उन्होंने कहा था कि ‘मुझे मां गंगा ने बुलाया है.’ सीएम योगी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का यह संकल्प आज उत्तर प्रदेश के विकास का बड़ा आधार बना है. प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है.
2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने बनाई नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है. साल 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है. इसकी वजह से प्रदेश ने अपनी नई पहचान बनाई है.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने सुशासन यानी गुड गवर्नेंस को अपनाया है. प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है और आज उत्तर प्रदेश एक सुरक्षित राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में चौतरफा विकास हो रहा है और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किए जा रहे हैं.

मेट्रो, एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रही और पूरी हो चुकी विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो, एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं के जरिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है.
उन्होंने प्रदेश में 42 राष्ट्रीय मार्गों के निर्माण का जिक्र किया. इसके अलावा दादरी में बन रहे डेडिकेटेड कॉरिडोर और वाराणसी में राष्ट्रीय जलमार्ग की स्थापना को भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में गिनाया. मुख्यमंत्री ने लखनऊ में बने ब्रह्मोस असेंबली प्लांट का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.





More Stories
दिल्ली में अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
BJP में शामिल होंगे सपा के तीन विधायक
जंतर-मंतर पर महिला पत्रकारों के मामले में मानवाधिकार आयोग सख्त
छतरपुर में कथित भू-माफिया और अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा गरमाया
दिल्ली में 57 मेट्रो स्टेशनों पर बंद हो सकते हैं एंट्री-एग्जिट गेट, पुलिस ने DMRC को लिखा पत्र
भाजपा राज में हो रही लोकतंत्र की हत्या- जयेन्द्र रमोला