नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- दिल्ली के शाहदरा इलाके में कांवड़ यात्रा के मार्ग पर एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। चिंतामणि चौक से लेकर शाहदरा फ्लाईओवर तक लगभग एक किलोमीटर के क्षेत्र में सड़क पर कांच के टुकड़े बिखरे पाए गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश देखा गया।

इस घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली सरकार ने इसे कांवड़ियों को नुकसान पहुंचाने की साजिश बताया है और मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस घटना का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा और सफाई कार्य शुरू करवाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को चोट न लगे, इसके लिए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह कांच किसने और क्यों फैलाया।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की शरारत या बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पूरे उत्तर भारत में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर अपने-अपने शहरों में शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए यात्रा कर रहे हैं। दिल्ली प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनकर सामने आ रही हैं।


More Stories
गुभाना में मनाई गई अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती!
द्वारका पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी का मोबाइल और 4 दोपहिया वाहन बरामद!
बुराड़ी पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, 26 मोबाइल फोन और ₹2.5 लाख नकद बरामद
”मनोज कुमार की प्रेरणा ने बदली जिंदगी, लेखक कृष्ण गोपाल विद्यार्थी ने साझा किए भावुक संस्मरण”
पानीपत के एक दिव्यांग बच्चे के लिए खुशखबरी, हरियाणा सरकार देगी बायोनिक कृत्रिम अंग!
चोरी के मामले में फरार भगोड़ा आरोपी द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा