नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/रोहिणी/शिव कुमार यादव/- रोहिणी कोर्ट में एक युवती ने दिल्ली पुलिस एक हवलदार पर बलात्कार व उसे हनीट्रेप के लिए इस्तेमाल करने के आरोप लगाए है। युवती की शिकायत पर रोहिणी कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट वैभव चौरसिया की अदालत ने बुद्ध विहार थाना प्रभारी से एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। अदालत मामले में अगली सुनवाई 19 फरवरी को करेगी। शिकायत में मांग की गई है कि पुलिसकर्मी के खिलाफ बलात्कार, उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने व हत्या का प्रयास करना आदि के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
पीड़िता ने अधिवक्ता अमित साहनी के माध्यम से दायर इस शिकायत में आरोप लगाया है कि वह नवंबर 2020 में, एक उत्पीडऩकर्ता के खिलाफ पुलिस नियंत्रण कक्ष में शिकायत करने के दौरान हेड कांस्टेबल मिली थी। पीड़िता की शिकायत को एक हेड कांस्टेबल को जांच के लिए दिया गया था, पुलिसकर्मी उस समय शाहबाद डेयरी थाने में तैनात था। पीड़िता ने बताया कि जांच व पूछताछ के बहाने पुलिसकर्मी उसे रोज बुलाने लगा और हमदर्दी दिखाने लगा फिर एक दिन उसने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
युवती का आरोप है कि आरोपी पुलिसकर्मी एक दिन जांच के बहाने उसे पूंठ खुर्द स्थित अपने आवास पर ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए। आरोपी ने एक वांछित अपराधी पंकज सुरा से संपर्क करने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट तैयार करके उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग किया। युवती का कहना है कि उसे मोहरा बनाकर पुलिसकर्मी ने वांछित अपराधी को जून 2021 में गिरफ्तार किया था।
युवती का कहना है कि जिस समय पुलिस कर्मी ने अपराधी को गिरफ्तार किया वह उस अपराधी के साथ बाइक पर थी। बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने पर गंभीर रुप से जख्मी भी हुई थी। अपराधी के साथियों से दुश्मनी के चलते उस पर 25 जुलाई, 2021 को हमला किया गया था लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। युवती का आरोप है उसने दिसंबर माह में बुद्ध विहार थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत दी थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
अदालत ने युवती की याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधविहार थाना प्रभारी से एटीआर पेश करने के आदेश दिये है। आदलत ने इस मामले की सुनवाई की अगली तारीख 19 फरवरी तय की है।


More Stories
हरीश राणा को सुप्रीम कोर्ट से इच्छामृत्यु की अनुमति, एम्स में शुरू हुई प्रक्रिया
पश्चिम एशिया में बढ़ता युद्ध संकट: इस्राइली हमले में लेबनान में चार की मौत
हरीश राणा केस: मां की भावुक अपील, हमें बेटे के साथ अकेला छोड़ दें
पुलिस की बड़ी सफलता झपटमारी करने वाला सक्रिय अपराधी गिरफ्तार
द्वारका स्पेशल स्टाफ की बड़ी सफलता, नंदू गैंग का शूटर गिरफ्तार
राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘जलपान’ कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की सहभागिता