
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- न्याय न मिलने से आहत होकर उठाया खौफनाक कदमबिहार के समस्तीपुर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बरामदे में अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल महिला की पहचान अमृता कुमारी के रूप में हुई है, जिसने खुद को दलसिंहसराय उपकारा में तैनात सहायक जेल अधीक्षक आदित्य कुमार की पत्नी बताया। घटना के तुरंत बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला और सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज जारी है।
तीन दिनों से पुलिस के चक्कर, नहीं हो पाई सुनवाई
अमृता कुमारी नवादा जिले की रहने वाली हैं और दो बच्चों की मां हैं। जानकारी के अनुसार वह पिछले तीन दिनों से लगातार एसपी कार्यालय में अपनी फरियाद लेकर पहुंच रही थीं। बीते दो दिनों से महिला और उसके बच्चों को वन स्टेप गृह में ठहराया गया था। शनिवार को भी वह बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं, लेकिन पुलिस अधीक्षक से मुलाकात नहीं हो सकी। इसी से आहत होकर उन्होंने ब्लेड से अपनी बाईं कलाई की नस काट ली।
शादी और बेदखली का लगाया आरोप
अमृता कुमारी का आरोप है कि वर्ष 2022 में गया के विष्णुपद मंदिर में उनकी शादी आदित्य कुमार से हुई थी और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। महिला का कहना है कि आदित्य कुमार के समस्तीपुर ट्रांसफर के बाद उनका व्यवहार बदल गया और अब वह उन्हें पत्नी मानने से इनकार कर रहे हैं। अमृता के अनुसार वह अपने बच्चों के साथ दो दिनों से आदित्य कुमार के सरकारी आवास में रह रही थीं, लेकिन एक दिसंबर को उनके ससुर दिलीप सिंह ने पुलिस की मदद से उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद जिला पुलिस भी हरकत में आई है। दलसिंहसराय थाना प्रभारी इरशाद अहमद ने बताया कि अमृता कुमारी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की कलाई में टांके लगाए गए हैं और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





More Stories
ऑपरेशन विस्टा 1.0: द्वारका पुलिस ने आइवरी कोस्ट के नागरिक को पकड़ा, डिटेंशन सेंटर भेजा
ग्रेटर नोएडा में परिवार के 5 सदस्यों की मौत: मृतक के मोबाइल में मिला अहम सुराग, दोनों बहनें और बहनोई गिरफ्तार
द्वारका जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 साल पुराने आबकारी मामले में फरार महिला गिरफ्तार
बेड के बॉक्स में छिपाकर रखा था गांजे का जखीरा, द्वारका पुलिस ने 54.375 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
22 अफसरों पर तत्काल गाज, अपर आयुक्त आबकारी मामले में शासन के हाथ क्यों बंधे?
आरटीआई पर लापरवाही पड़ी भारी, दंडात्मक कार्रवाई से बचने नियमों को समझें अधिकारी