
अनीशा चौहान/- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोपों का समर्थन किया है। पुणे में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में ठाकरे ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी का मुद्दा कोई नया नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस बारे में वे साल 2016-17 में ही चेतावनी दे चुके थे।
विपक्ष ने नहीं उठाया ठोस कदम
राज ठाकरे ने कहा कि उस समय उन्होंने सोनिया गांधी, शरद पवार और ममता बनर्जी से मुलाकात की थी और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। उन्होंने विपक्ष से लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की अपील की थी, ताकि यह मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठ सके और दबाव बनाया जा सके। लेकिन विपक्ष पीछे हट गया। ठाकरे ने कहा – “आज राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन इसे बहुत पहले ही गंभीरता से लिया जाना चाहिए था।”
“वोट चोरी से कोई खुश नहीं”
MNS प्रमुख ने कहा कि 2014 से अब तक बनी सरकारें चुनावी गड़बड़ी का फायदा उठाकर सत्ता में आई हैं। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी को 132, एकनाथ शिंदे को 56 और अजित पवार को 42 सीटें मिलीं। इतने बड़े आंकड़े होने के बावजूद न जीतने वाले खुश थे और न हारने वाले, क्योंकि मामला वोटों की हेराफेरी से जुड़ा हुआ था।
कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
राज ठाकरे ने अपने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि आने वाले चुनावों में ज्यादा सतर्क रहना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि वोटर लिस्ट पर गहराई से काम किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके।
चुनाव आयोग पर सवाल
राज ठाकरे ने हाल ही में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग ने राहुल गांधी से हलफनामा मांगा, जबकि वे विपक्ष के नेता हैं। इसी दौरान बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने भी 6 सीटों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। ठाकरे ने कहा – “आज सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही चुनाव में गड़बड़ी की बात कर रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग चुप है। पिछले 10-12 साल का पूरा सच सामने आ रहा है।”





More Stories
11 घंटे तक चला हाई-प्रोफाइल ड्रामा
दिल्ली में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई: 5 हजार क्वार्टर अवैध शराब बरामद, आरोपी हिरासत में
दिल्ली-NCR में अक्टूबर महीने में गर्मी ने छुड़ाए लोगों के पसीने, जानें आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
प्रशांत विहार थाने के SI को CBI ने रिश्वत लेते पकड़ा, 80 हजार रुपये की और मांग का आरोप
दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत बने ADCP, जंतर-मंतर पर छेड़खानी के आरोपों के बीच मिला प्रमोशन
नजफगढ़ थाना रोड पर नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन