
बीकानेर/अनीशा चौहान/- राजस्थान के बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ के सिखवाल उपवन के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें पूरी तरह से चकनाचूर हो गईं। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने बीकानेर ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को कार से निकालने के लिए गाड़ियों को काटना पड़ा, क्योंकि कई शव बुरी तरह फंसे हुए थे।
खाटूश्याम से लौट रहे थे श्रद्धालु
एक कार में सवार श्रद्धालु खाटूश्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों में अभयसिंह पुरा निवासी करण, दिनेश, मदन और बिग्गा निवासी मनोज शामिल हैं। मनोज की मृत्यु बीकानेर ले जाते समय हुई। दूसरी कार में सवार नापासर निवासी सुरेन्द्र कुमार की भी मौके पर ही मौत हो गई।
चार लोग गंभीर घायल
हादसे में नापासर निवासी संतोष कुमार, मल्लूराम, जितेन्द्र और लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कुछ घायल कार के शीशे तोड़कर सड़क पर जा गिरे। एक शव को निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस हृदयविदारक हादसे को लेकर शोक और आक्रोश दोनों है।





More Stories
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चे को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
दहेज मामले में वांछित दो घोषित अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली में बिल्डिंग ढहने की सजा एमसीडी अधिकारियों को ही क्यूं!