
द्वारका/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- डाबरी थाना क्षेत्र में एक घर से सोने व चांदी के जेवर, कुछ नकदी व एक मोबाइल फोन चोरी करने वाले चोरों को द्वारका जिला एंटी बरगलरी सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए आभूषण व चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए है। आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ नोनी व सनी उर्फ शशि भूषण के रूप में की है। दोनों ही आरोपी डाबरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपी दीपक उर्फ नोनी पर विभिन्न थानों में पहले से 11 मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी शशि भूषण पर चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तीन मामलों को सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में तीसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि डाबरी थाने में एक व्यक्ति ने अपने घर से सोने व चांदी के गहने, कुछ कैश व एक मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए एसीपी ऑपरेशन द्वारका रामअवतार ने एंटी बरगलरी सेल के इंस्पेक्टर विवेक मंडोला के नेतृत्व में एएसआई कृष्ण, हवलदार कृष्ण, हवलदार आजाद व सिपाही सुभाष की एक टीम गठित की और चोरों को जल्दी से जल्दी पकड़ने के निर्देश दिए। टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू करते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरो को खंगाला और तीन लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिरों को आरोपियों को तलाशने के लिए तैनात किया। पुलिस ने एक मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक आरोपी को महावीर एनक्लेव डाबरी से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से पुलिस ने तीन चोरी के मोबाइल फोन, एक सोने का झुमका, एक सिल्वर रिंग, एक गोल्ड टॉप्स, दो गोल्ड चेन और एक गोल्ड रिंग बरामद कर ली। हालांकि तीसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर बना हुआ है जिसको पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ नोनी निवासी नंद ब्लॉक, महावीर एनक्लेव, डाबरी, दिल्ली व सनी उर्फ शशि भूषण निवासी महावीर एंक्लेव, पालम, दिल्ली के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तीन मामले सुलझने का दावा किया है।





More Stories
कैंची धाम इलाके में डेढ़ दर्जन से अधिक विक्रेताओं के खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
राणा प्रताप बाग में 35 लाख रुपये की सेंधमारी का खुलासा, घरेलू सहायिका निकली मास्टरमाइंड; भारत नगर पुलिस ने चोरी के सोने-हीरे के आभूषण और विदेशी मुद्रा की बरामद
5 किलो से ज्यादा गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार,
द्वारका में वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का टाटा ऐस बरामद
खारी बावली में अवैध विदेशी सिगरेट का बड़ा जखीरा पकड़ा
छह घंटे में सुलझी 30 लाख की ज्वेलरी चोरी, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार