
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/ शिवकुमार यादव । डाबड़ी के झंडा चौक के पास हुए हत्याकांड में वांछित आरोपी को द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 30 अक्टूबर को द्वारका सेक्टर-24 में साबी नदी रोड के पास यूईआर-II के नजदीक पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई। इस दौरान आरोपी शिवम जग्गी उर्फ गू को बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे पकड़कर उपचार के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल, सेक्टर-9, द्वारका में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को डाबड़ी के झंडा चौक के पास हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में 25 अक्टूबर को डाबड़ी थाने में एफआईआर नंबर 632/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ को भी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी और एडिशनल डीसीपी-1 विकास कुमार के पर्यवेक्षण में टीम आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को मानव स्रोतों से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित शिवम जग्गी उर्फ गू गोयला डेयरी-छावला इलाके में घूम रहा है और बाद में अपने एक सहयोगी से मिलने के लिए द्वारका सेक्टर-24 स्थित साबी नदी रोड के पास यूईआर-II पर पहुंचेगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी।
पुलिस का दावा है कि शाम के समय आरोपी वहां पहुंचा। टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर अवैध पिस्टल निकालकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने की चेतावनी के बावजूद आरोपी फायरिंग करता रहा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे काबू कर हथियार अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चार राउंड चलाए
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने चार राउंड फायर किए, जबकि पुलिस टीम की ओर से चेतावनी और आत्मरक्षा में तीन राउंड चलाए गए। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और चार खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं।
हाशिम बाबा गैंग से संपर्क का दावा
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि शिवम जग्गी उर्फ गू का कथित तौर पर हाशिम बाबा गैंग के सदस्यों से संपर्क था। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात के बाद वह सीलमपुर इलाके में गैंग के सदस्यों के साथ रह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग के सदस्यों के निर्देश पर वह अवैध हथियार लेकर सेक्टर-24 पहुंचा था और वहां किसी अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
हत्या और हत्या के प्रयास सहित चार मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, 19 वर्षीय आरोपी शिवम जग्गी उर्फ गू, विपिन जग्गी का बेटा है और डाबड़ी के चाणक्य प्लेस पार्ट-1 का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से गंभीर अपराधों के चार मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इनमें डाबड़ी थाने का हत्या का एक मामला, हत्या के प्रयास में तब्दील हुआ मारपीट का मामला और वर्ष 2026 के दो अन्य मामले शामिल हैं।
पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी से डाबड़ी थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पकड़ा गया है। अब जांच टीम अन्य सहयोगियों की भूमिका, हत्या की पूरी साजिश और कथित गैंग कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।





More Stories
दिल्ली में सरदार पटेल जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन,केंद्रीय मंत्री ने पटेल को बताया देश की एकता का सूत्रधार
मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, चार लोगों की मौत
उजवा कृषि विज्ञान केंद्र में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर कार्यक्रम
मशरूम उत्पादन से किसानों की आय और रोजगार बढ़ाने की अपार संभावनाएं : हरी कल्लीकट
गुभाना के लोकहित पुस्तकालय में मनाई सरदार पटेल की जयंती
ऑपरेशन मिलाप: भिवाड़ी से लापता महिला को तलाशकर पति और साढ़े तीन साल की बेटी से मिलाया