
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,: दिवाली से पहले राजधानी दिल्ली में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंडोली गांव में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार, एएटीएस और हर्ष विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मकान में छापेमारी कर करीब 567.30 किलोग्राम पटाखे और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है. पुलिस ने मामले में फैक्ट्री के मालिक मोहम्मद तैय्यब (23) को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात करीब 9:05 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान मंडोली गांव में एक परिसर में पटाखे रखे होने की सूचना मिली. सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना पुलिस को जानकारी दी गई और मौके पर टीम पहुंची. तलाशी के दौरान सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर कार्टन और बोरियों में बड़ी मात्रा में पटाखे तथा उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रखी मिली.
पुलिस ने बरामद सामग्री का निरीक्षण कर उसका वजन किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नमूने लेने के बाद उसे जब्त कर लिया. बरामद सामान में सात शॉट वाले पटाखे, सिंगल शॉट पटाखे, रोमन कैंडल, रंगीन पटाखे और अन्य सामग्री शामिल हैं. बरामद सामग्री का कुल वजन लगभग 567.30 किलोग्राम बताया गया है.
डीसीपी राहुल अलावेल ने बताया कि इस मामले में 13 अक्टूबर को हर्ष विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत दर्ज किया गया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद तैय्यब, लोनी देहात, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है.
डीसीपी के अनुसार, उसका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है. बहरहाल, दिवाली के मद्देनजर पटाखों के भंडारण और बिक्री पर निगरानी के बीच इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके.





More Stories
देवप्रयाग इलाके में कार गिरी, 2 की मौत 3 घायल
दिल्ली में सेक्सटॉर्शन साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
चांदनी चौक में मोबाइल फोन के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
द्वारका पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप, एक आरोपी गिरफ्तार
प्राकृतिक आहार प्रणाली एनडीएस डिटाॅक्स सेंटर, उचाना का दिल्ली में तीन दिन के स्वास्थ्य शिविर की घोषणा, पंजीकरण प्रारंभ.
मैरी मिलबेन की भारतीय युवाओं से अपील, CJP के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान