
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/ नई दिल्ली/शिवकुमार यादव: दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में आम आदमी पार्टी के पार्षदों के हंगामे के चलते दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. नेता विपक्ष अंकुश नारंग, आम आदमी पार्टी के पार्षदों के साथ सदन में पहुंचे. इस दौरान सदन में प्रवेश को लेकर सुरक्षाकर्मियों के साथ नोकझोंक भी हुई. इसके बाद AAP पार्षदों ने सदन के अंदर नारेबाजी शुरू कर दी.
आम आदमी पार्टी के पार्षद दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. सदन में प्रवेश करने के बाद पार्षदों ने इस मांग को लेकर नारे लगाए. लगातार नारेबाजी और हंगामे के कारण सामान्य सभा की कार्यवाही प्रभावित हुई. सदन की अध्यक्षता कर रहीं उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने हंगामे के बीच बैठक की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया. बैठक स्थगित होने के बाद सामान्य सभा में रखे जाने वाले कई नागरिक हित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ सकी.

उप-महापौर कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बैठक में दिल्ली की सफाई व्यवस्था और धूल नियंत्रण को मजबूत करने के लिए 70 नए मैकेनिकल रोड स्वीपर खरीदने का प्रस्ताव रखा जाना था. इसके अलावा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए 1,000 वैक्यूम-बेस्ड बैटरी चालित लिटर पिकर मशीनें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी गई थी.
48 गांवों को शहरीकृत घोषित करने से संबंधित प्रस्ताव
सामान्य सभा में दिल्ली नगर निगम अधिनियम की धारा 506 (ए) के तहत दिल्ली के 48 गांवों को शहरीकृत घोषित करने से संबंधित प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण एजेंडे में शामिल था. इसके लागू होने से इन गांवों में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार का रास्ता खुलने की बात कही गई थी.
बैठक में प्रदूषण, अवैध निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों, बुनियादी ढांचे और वार्ड स्तर की नागरिक समस्याओं पर पार्षदों द्वारा चर्चा और सुझाव दिए जाने थे. उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा था कि इन मुद्दों का सीधा संबंध दिल्ली के नागरिकों के दैनिक जीवन से है और सदन में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.

हालांकि, बैठक शुरू होने के बाद AAP पार्षदों के हंगामे और प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग को लेकर हुई नारेबाजी के चलते सदन की कार्यवाही आगे नहीं चल सकी. अध्यक्षता कर रहीं उप-महापौर ने सामान्य सभा की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया. इस पुरे मामले को लेकर नेता विपक्ष अंकुश नारंग नें कहा कि थप्पड़ मारे जाने के बावजूद परवेश साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है, जिसका वह लोग सभी जगह विरोध दर्ज कर रहे हैं.





More Stories
क्या समाजवादी पार्टी को फिर चोट देगी बीजेपी?
चोरी की कार बेचने गुरुग्राम जा रहा आरोपी दबोचा, पुलिस ने वाहन किया बरामद
4 महीने रोक दो लकड़ी से अंतिम संस्कार’, गाड़ियाें के धुएं से घुटती दिल्ली पर BJP पार्षद का गजब प्लान
ढाई माह की बच्ची अपहरण के कुछ घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
द्वारका पुलिस ने लौटाए 560 खोए और चोरी हुए मोबाइल
अवैध घुसपैठ पर समाज को जागरूक होकर आगे आने की जरूरत : सूर्यकान्त केलकर