देहरादून/सिमरन मोरया/- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा प्रभावित सड़क के क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर जल्द से जल्द आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क कर सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और ग्रामीणों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने और आवश्यकता अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करें। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि आमजन की समस्याओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए धरातल पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


More Stories
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई!
बिंदापुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई!
आध्यात्मिक राजधानी बनने की ओर उत्तराखंड!
”उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली ₹150 करोड़ की मंजूरी”
ऋषिकेश में चेन स्नैचिंग की कोशिश नाकाम!