
देहरादून/सिमरन मोरया/- उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दूसरे चरण को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी सुनवाई और अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उन्हें समय पर नोटिस प्राप्त हो और सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जानी चाहिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील समेत संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन प्रभावी ढंग से किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों से विधानसभा क्षेत्रों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने और अभियान की लगातार समीक्षा करने को भी कहा। बैठक में बताया गया कि सभी जनपदों में 100 प्रतिशत नोटिस प्रिंट कर ERO और BLO स्तर तक पहुंचा दिए गए हैं, जबकि नोटिसों की सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त एवं उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाएगा।





More Stories
दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने हांगकांग से वियतनाम के रास्ते भारत लाए जा रहे सैन्य व रक्षा श्रेणी के 10 ड्रोन बरामद
क्या समाजवादी पार्टी को फिर चोट देगी बीजेपी?
चोरी की कार बेचने गुरुग्राम जा रहा आरोपी दबोचा, पुलिस ने वाहन किया बरामद
दिल्ली थप्पड़ कांड: MCD सदन में AAP पार्षदों का हंगामा, बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
4 महीने रोक दो लकड़ी से अंतिम संस्कार’, गाड़ियाें के धुएं से घुटती दिल्ली पर BJP पार्षद का गजब प्लान
ढाई माह की बच्ची अपहरण के कुछ घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार