नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिला पुलिस की एंटी-जेल बेल एवं उद्घोषित अपराधी सेल ने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक भगोड़ा आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ हबीब उर्फ नईम के रूप में हुई है, जिसे वर्ष 2023 में द्वारका कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2014 में उत्तम नगर थाने में दर्ज चोरी के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा था। लगातार गैरहाजिर रहने पर 28 फरवरी 2023 को द्वारका कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
गुप्त सूचना पर कश्मीरी गेट से गिरफ्तारी
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर भगोड़े अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
15 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी, जो पिछले कई वर्षों से गुजरात में रह रहा था, किसी परिचित से मिलने के लिए दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित आजाद मार्केट आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया और मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में हुए कई बड़े खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी के मामले में सजा के डर से करीब 6-7 वर्ष पहले गुजरात भाग गया था, जहां उसने आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना शुरू कर दिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी गुजरात एटीएस द्वारा 145.07 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से जुड़े एक चर्चित एनडीपीएस मामले में भी आरोपी रह चुका है। इस मामले में उसके खिलाफ गुजरात एटीएस, अहमदाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ था और वह करीब साढ़े चार वर्ष तक साबरमती जेल में बंद रहा।
10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा आरोपी
द्वारका पुलिस के मुताबिक, समीर खान के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि ऐसे अपराधियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जा सके।


More Stories
ICC वनडे रैंकिंग में चमके रोहित, विराट और शुभमन गिल
सिक्किम में हुए एक सुरंग हादसे ने ली 12 मजदूरों की मौत, 13 अभी भी लापता!
हथियार मामले का घोषित अपराधी द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा!
”हार्वेस्ट गोल्ड ग्लोबल रेस में BRG धावकों का दमदार प्रदर्शन”
विधायक नीलम कृष्ण पहलवान ने उजवा गाँव में चलाया वृक्षारोपण महाअभियान
नजफगढ़ ज़ोन को मिला नया नेतृत्व, जयवीर राणा बने चेयरमैन, सुषमा पवन राठी डिप्टी चेयरमैन!