नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रभावी, समयबद्ध और पारदर्शी पुलिस सत्यापन प्रक्रिया के आधार पर भारत सरकार ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” प्रदान किया है।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित एक समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी।


More Stories
Compete with Yourself – ”Rohini Chapter-2” में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप का शानदार प्रदर्शन