
हरियाणा/उमा सक्सेना/- हरियाणा में एडीजीपी वाई पूरण कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मचा दिया है। उनकी पत्नी और हरियाणा कैडर की आईएएस अमनीत पी कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र भेजकर मामले में तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात और मामले की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सैनी ने आईएएस अमनीत के आवास पर पहुंचकर उन्हें शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान वरिष्ठ आईएएस राजेश खुल्लर भी मौजूद थे। वहीं, सीआईडी प्रमुख एडीजीपी सौरभ सिंह ने एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री को घटना की पूरी जानकारी दी। डीजीपी शत्रुजीत कपूर भी इस बैठक में उपस्थित थे। इससे पहले पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और आईएएस अधिकारी विजय दहिया ने भी अमनीत से मुलाकात की।

अमनीत पी कुमार की चार मुख्य मांगें
अपने पत्र में अमनीत ने चार अहम मांगें रखीं हैं:
1. आत्महत्या नोट और शिकायत में जिन अधिकारियों के नाम आए हैं, उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए।
2. आरोपियों को तुरंत निलंबित और गिरफ्तार किया जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो।
3. दिवंगत अधिकारी के परिवार, विशेषकर उनकी दो बेटियों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
4. परिवार को किसी भी तरह की प्रताड़ना या बदनामी से बचाया जाए।
पत्र में अमनीत ने लिखा कि उनके पति एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और सम्मानित अधिकारी थे, जिन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, जबकि आत्महत्या नोट में दोषियों के नाम स्पष्ट रूप से दर्ज हैं।
पोस्टमार्टम पर संशय और जांच की दिशा
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम प्रक्रिया में देरी इसी वजह से हुई है कि अमनीत पी कुमार ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर और एसपी रोहतक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर जोर दिया है। पुलिस ने अब मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
राजनीतिक और सामाजिक हलचल
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी आने वाले एक-दो दिन में दिवंगत अधिकारी के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं। इस मामले ने हरियाणा पुलिस के शीर्ष स्तर पर हलचल मचा दी है। अनुसूचित जाति समुदाय के कई संगठनों ने भी डीजीपी और अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई और न्यायिक जांच की मांग उठाई है।





More Stories
ADG डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार के भगवानपुर में जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं
देहरादून में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत चार गिरफ्तार
बहादुरगढ़ में 100 दिन में दिखने लगा मियावाकी जंगल का असर, पौधों की तेजी से बढ़ी लंबाई
दिल्ली के मायापुरी में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर, राहत व बचाव कार्य पूरा
दिल्ली में प्रदूषण पर एक्शन प्लान तैयार, साउथ-वेस्ट और वेस्ट दिल्ली के हॉटस्पॉट्स की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश
दिल्ली के 48 गांवों को मिलेगा ‘शहरी’ दर्जा, अब सुनियोजित विकास का होगा आधार