
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश ने मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होना शुरू हो गया है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलने से हल्की ठंड के साथ उमस का मिश्रित असर देखने को मिला।

तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिल्ली में 14.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री नीचे 26.5°C और न्यूनतम तापमान 20.3°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लोधी रोड क्षेत्र में 17.6°C और आया नगर में 18.5°C तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।
आने वाले दिनों में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। इस दौरान 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर राजधानी तक
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसका सीधा असर अब मैदानी इलाकों में महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फ गिरना और उत्तर भारत में छिटपुट बारिश होना, सीजन की शुरुआती ठंड का संकेत है।
अक्टूबर में सामान्य से ऊपर रहेगा तापमान – मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा का कहना है कि हालांकि अक्टूबर महीने में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रह सकता है, लेकिन अचानक हुई बारिश और बर्फबारी ने मौसम परिवर्तन की प्राकृतिक प्रक्रिया को तेज कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संक्रमण काल है और आने वाले दिनों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।





More Stories
दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने हांगकांग से वियतनाम के रास्ते भारत लाए जा रहे सैन्य व रक्षा श्रेणी के 10 ड्रोन बरामद
क्या समाजवादी पार्टी को फिर चोट देगी बीजेपी?
चोरी की कार बेचने गुरुग्राम जा रहा आरोपी दबोचा, पुलिस ने वाहन किया बरामद
दिल्ली थप्पड़ कांड: MCD सदन में AAP पार्षदों का हंगामा, बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
4 महीने रोक दो लकड़ी से अंतिम संस्कार’, गाड़ियाें के धुएं से घुटती दिल्ली पर BJP पार्षद का गजब प्लान
ढाई माह की बच्ची अपहरण के कुछ घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार