नई दिल्ली/- द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने एक बार फिर अपने साहसिक अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन “नो गन्स, नो गैंग्स” के तहत पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ एक कुख्यात बदमाश को धर दबोचा है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ जॉनी (उम्र 38 वर्ष), निवासी वीपीओ जाफरपुर कलां, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी थाना जाफरपुर कलां का घोषित ‘बी.सी.’ (बेड कैरेक्टर) है और पूर्व में डकैती व आबकारी अधिनियम के तीन मामलों में संलिप्त रहा है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गैंगस्टरों से प्रभावित था और इलाके में दबदबा बनाने के लिए अवैध हथियार रखता था। साथ ही, वह अवैध शराब के धंधे का सरगना बनने की फिराक में था।
मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
दिनांक 26 जून 2025 को लगभग दोपहर 2 बजे, स्पेशल स्टाफ की टीम रावता मोड़, जाफरपुर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गली नंबर 14, रावता मोड़ में मौजूद है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करके आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
काबिल टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में एसआई जयबीर सिंह, एचसी देव कुमार, एचसी संदीप, एचसी सुधीर पाल और एचसी अजय कुमार शामिल थे। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर विश्वेंद्र, प्रभारी विशेष स्टाफ द्वारका के नेतृत्व और एसीपी ऑप्स द्वारका के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
मामला दर्ज, जांच जारी
प्रदीप कुमार के खिलाफ थाना जाफरपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन अपराधी है और क्या वह किसी गैंग के लिए काम कर रहा था।
डीसीपी का मिशन – ‘कोई बंदूक नहीं, कोई गिरोह नहीं’
इस कार्रवाई के संबंध में द्वारका जिला के डीसीपी श्री अंकित सिंह, आईपीएस ने कहा कि ऑपरेशन “नो गन्स, नो गैंग्स” के तहत क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ लगातार जारी है। हमारा उद्देश्य है कि समाज को हथियारों और गैंग संस्कृति के भय से मुक्त किया जाए। पुलिस इसी संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।


More Stories
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं
गोल्ड-सिल्वर मार्केट में उथल-पुथल, 3 मार्च के ताजा दाम जारी
HARYANA NEWS: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, आपसी रंजिश में युवक की जान गई
“नो गन, नो गैंग”, द्वारका एएटीएस ने गैंग सहयोगी को अवैध हथियारों सहित दबोचा
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की स्कूटी बरामद