देहरादून/अनिशा चौहान/- देहरादून में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह के आवास पर दबिश दी है। डीपी सिंह एनएच-74 मुआवजा घोटाले में पहले से आरोपी हैं और इसी मामले में ईडी ने यह ताजा कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें देहरादून के साथ-साथ काशीपुर और रुद्रपुर में भी एक साथ सक्रिय हुईं। तड़के शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत कई पूर्व और वर्तमान सरकारी अफसरों के घरों और दफ्तरों पर छापेमारी की गई। इन अफसरों पर एनएच-74 घोटाले में आर्थिक अनियमितताओं में संलिप्त होने का संदेह है।
एनएच-74 हाईवे परियोजना के तहत ज़मीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में कथित तौर पर सैकड़ों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था। आरोप है कि ज़मीन की फर्जी दरें तय कर कुछ लोगों को गलत तरीके से मोटा मुआवजा दिलवाया गया। इस घोटाले में कई राजस्व अधिकारियों, भू-माफियाओं और स्थानीय नेताओं की भूमिका की भी जांच हो रही है।
ईडी ने पहले भी इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अधिकारियों की अवैध संपत्तियां जब्त की थीं। सूत्रों के मुताबिक, ईडी को कुछ नए दस्तावेज और संदिग्ध बैंक लेनदेन से जुड़ी जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर यह छापेमारी की गई है। जांच एजेंसी अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है और आगामी दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है और एक बार फिर एनएच-74 घोटाले की गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं।


More Stories
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं
गोल्ड-सिल्वर मार्केट में उथल-पुथल, 3 मार्च के ताजा दाम जारी
HARYANA NEWS: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, आपसी रंजिश में युवक की जान गई
“नो गन, नो गैंग”, द्वारका एएटीएस ने गैंग सहयोगी को अवैध हथियारों सहित दबोचा
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की स्कूटी बरामद