
-द्वारका एंटी-बर्गलरी सेल की कार्रवाई; डाबरी समेत सात थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों में संलिप्तता का दावा
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/ शिवकुमार यादव : द्वारका जिला पुलिस की एंटी-बर्गलरी सेल ने 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, चांदी की एक जोड़ी पायल, सोने का पेंडेंट और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सोनू उर्फ बिहारी, निवासी सीतापुरी पार्ट-2, डाबरी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में उसकी संलिप्तता चोरी और सेंधमारी के कुल 23 मामलों में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को एंटी-बर्गलरी सेल के हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सूचना मिली थी कि सोनू उर्फ बिहारी चोरी का सामान ठिकाने लगाने के लिए विजय एन्क्लेव स्थित सूर्य उपासना पार्क के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर बसंत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल अनिल और हेड कांस्टेबल परवीन कुमार शामिल थे। कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस द्वारका सुभाष मलिक की निगरानी में की गई।
पुलिस ने बताया कि टीम ने सूर्य उपासना पार्क के आसपास घेराबंदी की। कुछ देर बाद डाबरी गोल चक्कर और दादा देव अस्पताल की ओर से एक युवक आता दिखाई दिया। मुखबिर ने उसकी पहचान सोनू उर्फ बिहारी के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, पुलिस की मौजूदगी भांपकर आरोपी ने पार्क की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तीन चोरी के मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें ग्रे रंग का Redmi मोबाइल उत्तम नगर थाने के ई-एफआईआर मामले, काले रंग का LAVA मोबाइल छावला थाने के मामले और सफेद रंग का OPPO मोबाइल बाबा हरिदास नगर थाने के चोरी के मामले से संबंधित पाया गया।
इसके अलावा आरोपी के पास से एक जोड़ी चांदी की पायल और सोने का पेंडेंट भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने इन आभूषणों को डाबरी की 25 फुटा रोड स्थित एक मकान से चोरी करने की बात बताई। पुलिस ने इन्हें डाबरी थाने में दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित पाया। इसी मामले से जुड़े 17,500 रुपये भी आरोपी के पास से बरामद किए गए।
सात थाना क्षेत्रों में 23 मामलों से जुड़ी कड़ी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की कथित संलिप्तता डाबरी थाने के आठ, बाबा हरिदास नगर के नौ, द्वारका नॉर्थ के दो तथा उत्तम नगर, छावला, बिंदापुर और नजफगढ़ थानों के एक-एक मामले में सामने आई है।
इन मामलों में मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, नकदी, पानी और बिजली के मीटर, पानी की मोटर, कार की बैटरी, एसी की कॉपर वायरिंग, साइकिल, घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं की चोरी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह चोरी से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल अपनी जीवनशैली और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने-फिरने पर करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हरिद्वार, ऋषिकेश और खाटू श्याम की यात्राओं पर चोरी की रकम खर्च करने की बात बताई है।
आठवीं कक्षा तक पढ़ा है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू उर्फ बिहारी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(A) और (E) के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपी की अन्य आपराधिक मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।





More Stories
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द्वारका सेक्टर-16बी में नए को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उद्घाटन एवं शिलान्यास
दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी की शिकायत पर FIR, केजरीवाल सहित AAP के कई नेताओं के नाम शामिल
द्वारका नॉर्थ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 570 किलो अवैध पटाखे बरामद; 79 वर्षीय बुजुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज
दून मेडिकल कॉलेज/अस्पताल में चापड़ लेकर घुसे अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अलीपुर पुलिस का मोबाइल स्नैचिंग गिरोह पर बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार; 15 मोबाइल फोन बरामद
आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AATS टीम ने दो घोषित भगोड़ों को दबोचा, एक पर 40 तो दूसरे पर 15 आपराधिक मामलों में संलिप्तता