

नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,। उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मलका गंज स्थित कबीर बस्ती में हुई घर से सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो चरणों में कुल 68.13 ग्राम चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में सोने की अंगूठियां, मोतियों की चेन वाला मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, एक टूटी हुई महिला अंगूठी और पिघला हुआ हार शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को कबीर बस्ती, मलका गंज निवासी एक व्यक्ति ने घर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वारदात 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे से रात 10 बजे के बीच हुई थी। इस संबंध में सब्जी मंडी थाने में ई-एफआईआर संख्या 80093530/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सब्जी मंडी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सत्यपाल, कांस्टेबल शंकर और कांस्टेबल नवीन की टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय निवासी कुलदीप उर्फ रिजुल (31) को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया। आरोपी पीड़ित परिवार के घर आता-जाता था और परिवार से उसकी जान-पहचान थी।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की छत से चोरी के आभूषण बरामद किए गए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक नवंबर को अदालत में पेश करने पर आरोपी को एक दिन की पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आगे की पूछताछ में आरोपी ने कुछ आभूषण एक जौहरी को बेचने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घंटाघर, सब्जी मंडी के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान से टूटी हुई महिला अंगूठी और पिघला हुआ हार भी बरामद किया। इस संबंध में जौहरी से भी पूछताछ की गई।
अलमारी की चाबी का उठाया फायदा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अक्सर पीड़ित परिवार के घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने अलमारी में रखे आभूषणों के बारे में जानकारी हासिल कर ली थी। उसे घर की दीवार पर टंगी अलमारी की चाबी के बारे में भी पता था। आरोप है कि 26 अक्टूबर को उसने इसी चाबी से अलमारी खोलकर आभूषण चोरी कर लिए और कुछ गहने अपने घर की छत पर छिपा दिए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसने एक टूटी हुई महिला अंगूठी 23 हजार रुपये और एक हार 1 लाख 10 हजार रुपये में जौहरी को बेचा था। आरोपी ने दावा किया कि उसने रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया, जबकि बाकी रकम और कुछ अन्य चोरी के आभूषण जुए में गंवा दिए। उसने नशे की लत और जुए के लिए पैसों की जरूरत को चोरी की वजह बताया है।
ये आभूषण हुए बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 68.13 ग्राम वजन के छह प्रकार के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 17 ग्राम की चार पुरुषों की अंगूठियां, 4.93 ग्राम की दो महिलाओं की अंगूठियां, 18.61 ग्राम का मोतियों की चेन वाला मंगलसूत्र, 7.64 ग्राम के एक जोड़ी टॉप्स, 3.66 ग्राम की टूटी हुई महिला अंगूठी और 16.29 ग्राम का पिघला हुआ हार शामिल है।
आरोपी आठवीं पास, एसी सर्विसिंग का करता था काम
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ रिजुल (31) पुत्र स्वर्गीय संजय कुमार, निवासी मकान नंबर डी-143, गली मीत वाली, कबीर बस्ती, मलका गंज, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और एसी सर्विसिंग का काम करता था। आरोपी ने इलाके में अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात कही है, जिसकी पुलिस जांच और सत्यापन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट (आईपीएस) ने बताया कि सब्जी मंडी थाना पुलिस की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा किया और चोरी के आभूषणों की बरामदगी की है। मामले में आगे की जांच जारी है।





More Stories
नजफगढ़ में गोकशी कांड के आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर
संगम विहार में सरेराह गोली मारकर हत्या, मुख्य शूटर कमल गोस्वामी गिरफ्तार
दिल्ली प्रदूषण: ‘पंजाब में पुलिस वाले जला रहे हैं पराली’, पर्यावरण मंत्री सिरसा का AAP पर आरोप
1984 सिख विरोधी दंगों के 42 साल बाद भी इंसाफ का इंतजार, तिलक विहार में आज भी जिंदा हैं जख्म
जौहार की संस्कृति उत्तराखण्ड की आत्मा है : दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के कार्मिकों को दी बड़ी सौगात, 30 दिन के तदर्थ बोनस को मंजूरी