झज्जर/अनीशा चौहान/- हरियाणा के झज्जर शहर में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर एक भव्य जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके झज्जर आगमन पर यादव सभा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
आरती राव ने अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके समाजसेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने समय में महिलाओं की शिक्षा और समाज सुधार की दिशा में अद्वितीय कार्य किए, जो आज भी प्रेरणा स्रोत हैं।
कोरोना को लेकर सरकार सतर्क: मंत्री आरती राव
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में आरती राव ने कहा कि हरियाणा में कोरोना के कुछ मामले सामने जरूर आए हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, “सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार हैं। दिल्ली में केस अधिक हैं और हरियाणा दिल्ली से सटा हुआ है, इसलिए सतर्कता जरूरी है। सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।”
स्वास्थ्य मंत्री की आमजन से अपील
आरती राव ने लोगों से अपील की कि वे मास्क का प्रयोग करें, हाथों की स्वच्छता बनाए रखें और भीड़भाड़ से बचें। उन्होंने कहा, “हर साल मौसम बदलने पर इस तरह के केस आते हैं, घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है।”
पानी विवाद पर दिया टालमटोल जवाब
हरियाणा-पंजाब पानी विवाद और इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा मुख्यमंत्री को डमी कहे जाने के सवाल पर आरती राव ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, “यह विवाद बहुत पुराना है, 30-40 साल से यही कहानी चल रही है।”
इस कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर ऐतिहासिक महिला विभूति को सम्मान दिया गया, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेशवासियों को कोरोना को लेकर जागरूक और सतर्क रहने का संदेश भी दिया।


More Stories
AKSHAYA TRITIYA 2026: अक्षय तृतीया पर आत्म विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के लिए ये 5 वस्तु खरीदना है शुभ!
मोबाइल छीनकर भागने वाला बदमाश गिरफ्तार, बिंदापुर पुलिस ने बरामद किए 6 मोबाइल
हाइरॉक्स बेंगलुरु में बहादुरगढ़ का जलवा, राजेश रघुवंशी ने हासिल किया चौथा स्थान
बीपीएमएस के 39वें शिविर में 215 मरीजों की जांच, 30 को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दिल्ली भेजा
चोरी के मोबाइल बेचने जा रहा युवक को द्वारका पुलिस ने धर दबोचा
नजफगढ़ वार्ड में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब अंबेडकर जयंती