नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- राजधानी दिल्ली की कोर्टों में बार-बार गोली बारी के मामले सामने आ रहे है जिससे अब राजधानी की कोर्टें भी अब सुरक्षित नहीं है। शुक्रवार सुबह साकेत कोर्ट में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साकेत कोर्ट में सुबह एक महिला को गोली मार दी गई। महिला को आरोपी वकील के पैसे नही लौटाने के मामले में गवाही के लिए कोर्ट लाया गया था। एनएससी थाना अध्यक्ष ने महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया है। साकेत कोर्ट में महिला पर फायरिंग करने वाले वकील कामेश्वर सिंह को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की पहचान एम राधा के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 40 से अधिक बताई जा रही है। घायलवस्था में महिला को मैक्स साकेत अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शी रणजीत सिंह दलाल के अनुसार कुल 4-5 राउंड फायरिंग की गई। आरोपित व्यक्ति सस्पेंडेड वकील है, गोली मारने के बाद वह कैंटीन के बैक एंट्री के रास्ते फरार हो गया।
साकेत कोर्ट परिसर में महिला को गोली मारने वाला आरोपी निलंबित वकील कामेश्वर कुमार सिंह उर्फ मनोज पैसे नहीं मिलने के कारण बहुत परेशान था। उसने तीन दिन पहले महिला एम. राधा को धमकी दी थी कि वह गोली मारकर उसकी हत्या कर देगा, लेकिन महिला ने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया था।
इधर महिला भी उसे धमका रही थी, वह वकील को उठवाने की धमकी दे रही थी। इस बात से मनोज बहुत ज्यादा डर गया था और उसने अपनी सुरक्षा के लिए हथियारबंद गार्ड अजय को रख लिया था। उसने अजय की लाइसेंसी रिवॉल्वर से महिला पर गोलियां चलाई थीं। ये खुलासा दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की गिरफ्त में आए आरोपी मनोज ने किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में ये बात सामने आई है कि आरोपी मनोज की एक वकील दोस्त के जरिये वसंत कुंज में रहने वाली महिला एम. राधा से मुलाकात हुई थी। महिला भी लोन देने का काम करती है। महिला ने मनोज को झांसा दिया था कि वह उसकी रकम को कुछ महीनों में दोगुना करा देगी। उसने झांसा देकर मनोज से 25 लाख रुपये ले लिए।
महिला ने मनोज को एक भी किस्त नहीं दी और पैसे भी नहीं लौटा रही थी। मनोज ने महिला के खिलाफ साकेत थाने में जालसाजी का मामला दर्ज कराया था। साकेत पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया था। हाईकोर्ट ने पैसे लौटाने की शर्त पर उसे तीन महीने पहले ही जमानत दी थी। महिला को हर सप्ताह साकेत कोर्ट में हाजिरी लगाने के लिए कहा गया था। इसके बाद महिला ने मनोज को पांच लाख रुपये का चेक किया। चेक बाउंस हो गया, तो मनोज ने साकेत कोर्ट में केस डाल दिया। इसी मामले की सुनवाई के लिए महिला शुक्रवार को कोर्ट आई थी। यहां पर मनोज ने उससे पैसे मांगे, लेकिन महिला ने पैसे देने से मना कर दिया और मनोज को धमकाने लगी।
रोहिणी कोर्ट में चली थीं ताबड़तोड़ गोलियां
इससे पहले पिछले साल रोहिणी कोर्ट में घुसकर भरी कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। कोर्ट में वकील की ड्रेस पहने हुए दो शख्स आए और उन्होंने गोगी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। टिल्लू गिरोह के शूटरों ने जितेंद्र गोगी की हत्या की थी। इसमें पुलिस ने दोनों शूटरों को मार गिराया था।
कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इस पेशी के दौरान वकील की ड्रेस पहने हुए दो लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में स्पेशल सेल की तरफ से भी गोलियां चलाई गईं, जिसमें दोनों हमलावरों की मौत हो गई। इस तरह वारदात में गैंगस्टर गोगी समेत कुल तीन लोगों की मौत हो गई थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जितेंद्र को वर्ष 2020 में गिरफ्तार किया था। काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने उसे गुरुग्राम से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।


More Stories
किसान दिवस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का राष्ट्रव्यापी लाइव संवाद
इंश्योरेंस फ्रॉड सिंडिकेट का पर्दाफाश, द्वारका साउथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कांकेर घटना पर जेसीसीजे का तीखा रुख, अमित जोगी बोले—बंद सही, वजह भ्रामक
शिक्षा में नवाचार को नई दिशा देगी केंद्र की पहल
भारत–बांग्लादेश संबंधों में बढ़ता तनाव, वीजा सेवाएं बंद होने से हालात और बिगड़े
दिल्ली साइबर पुलिस ने QR कोड फ्रॉड का किया पर्दाफाश, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार