गया/बिहार/- बिहार के गया में एक महिला को डायन बताकर जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 68 आरोपियों की पहचान कर ली है। इसके अलावा परिजनों और कई चश्मदीदों के बयान लिए गए हैं। इस मामले में 14 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। एसएसपी हरप्रीत कौर ने आर्थिक मदद देने का भी भरोसा दिया है।
क्या है मामला?
बता दें कि गया में पांच नवंबर (शनिवार) को अंधविश्वास के कारण एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर गांव के लोगों ने जिंदा जला दिया। ये मामला गया के मैगरा थाना क्षेत्र के पंचमाह गांव का है। बताया जा रहा है कि पहले महिला के साथ मारपीट की गई फिर कपड़े में लपेटकर उसे जिंदा जला दिया गया। 45 वर्षीय महिला को डायन घोषित कर उसके घर में जिंदा जलाने के आरोप में नौ महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब 68 अन्य आरोपियों की पहचान हुई है।
इस कांड में झारखंड के एक ओझा की बड़ी भूमिका
मिली जानकारी के मुताबिक, इस कांड में झारखंड के एक ओझा की बड़ी भूमिका रही। दरअसल, गांव में एक महीने पहले एक व्यक्ति परमेश्वर की मौत हो गई थी। झारखंड के ओझा ने उनकी मौत का कारण मृतका महिला को बताया। उसने कहा कि वह उस महिला से अपने तंत्र मंत्रों के बल पर कबूल करवा लेंगे कि उसी ने जादू-टोना करके परमेश्वर की हत्या कर दी थी। इसी को लेकर ग्रामीण कई बार हेमंती देवी के घर पर पहुंचे थे। कई बार की कोशिशों के बाद आखिरकार ग्रामीणों की भीड़ हेमंती देवी के घर में घुस गई और उसे खींचकर घर के कमरे से खींचकर मारपीट की। फिर कमरे में ही कपड़े में लपेटकर उसे जिंदा जला दिया।
पुलिस टीम पर भी गांव वालों ने किया हमला
मॉब लिंचिंग से पहले जब इस मामले की जानकारी पुलिस को लगी और पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस टीम पर भी गांव वालों ने हमला कर दिया, जिसके कारण उनको भी मौके से भागना पड़ा। हालांकि बाद में एक बार फिर पुलिस गांव में पहुंची, लेकिन तब तक गांव वाले अपनी मंशा में कामयाब हो चुके थे। बाद में पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।


More Stories
बादशाहपुर रैली में विकास का संकल्प: मुख्यमंत्री ने दी नई परियोजनाओं की सौगात
हरियाणा की बेटी भावना कौशिक ने रचा इतिहास, असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर परीक्षा में हासिल की शानदार रैंक
दिल्ली में वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश: दो चोर और एक रिसीवर गिरफ्तार
23 लाख की लूट के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद
एक दिन, तीन मैराथन—बहादुरगढ़ के धावकों ने दिखाया दम, हर मंच पर जीते दिल
उत्तर जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 लुटेरे और झपटमार गिरफ्तार