
नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- दिल्ली पुलिस की बुराड़ी थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अपहरण और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मथुरा (उत्तर प्रदेश) से अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद किया और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुराड़ी निवासी अर्चना मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति राजन रंजन मिश्रा 23 जुलाई को मथुरा में एक नौकरी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले की कोर्ट सुनवाई में गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनके मोबाइल से लगातार व्हाट्सएप कॉल कर 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।
आरोपियों के दबाव में पीड़िता ने 80 हजार रुपये नकद अपने पति की कार में रखकर ड्राइवर के माध्यम से यशोभूमि मेट्रो स्टेशन, द्वारका भेज दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने पीड़ित को नहीं छोड़ा और दोबारा फिरौती की मांग शुरू कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुराड़ी थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी निगरानी, ड्राइव-यू ऐप की जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस पहले गुरुग्राम और फिर मथुरा पहुंची। 29 जुलाई को वृंदावन के गोपालगढ़ क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने अपहृत राजन रंजन मिश्रा को सकुशल मुक्त कराया। मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को मथुरा शहर से पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022-23 में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर राजन रंजन मिश्रा को लाखों रुपये दिए थे, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया। इसी विवाद के चलते उन्होंने कोर्ट में पेशी के दौरान राजन का अपहरण कर लिया और फिरौती मांगनी शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित के एटीएम कार्ड से करीब 65 हजार रुपये भी निकाल लिए थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस पीड़ित की कार और फिरौती की रकम बरामद करने के प्रयास भी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।





More Stories
नजफगढ़ ड्रेन में मिला युवक का शव, हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
डीएम नैनीताल ने कृषकों से की फॉर्मर आईडी बनवाने की अपील
ऑपरेशन चक्र के तहत वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद
द्वारका में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देखा छात्राओं का आत्मरक्षा प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस के ‘मिशन शक्ति’ अभियान की सराहना की
दिल्ली मेट्रो महा विस्तार: 279 KM में 16 नए रूट बनेंगे, नजफगढ़, मीठापुर-करावल से नरेला-बवाना, रोहिणी तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी, DDA मीटिंग में मुहर