हैदराबाद/तेलंगाना/अनीशा चौहान/- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ऐतिहासिक चारमीनार के पास स्थित गुलजार हाउस की एक बहुमंजिला इमारत में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश लोग इमारत से निकल नहीं पाए। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है, और यह आशंका जताई जा रही है कि इमारत में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, की राहत राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “हैदराबाद, तेलंगाना में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दिए सख्त निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।
सुबह 6 बजे के आसपास लगी थी आग
तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बताया कि आग सुबह लगभग 6 बजे लगी और 6:16 बजे तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग ने जान बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कई लोगों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। मंत्री ने आम जनता से भी अग्निशमन विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की है।


More Stories
गुभाना में मनाई गई अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती!
द्वारका पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी का मोबाइल और 4 दोपहिया वाहन बरामद!
बुराड़ी पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, 26 मोबाइल फोन और ₹2.5 लाख नकद बरामद
”मनोज कुमार की प्रेरणा ने बदली जिंदगी, लेखक कृष्ण गोपाल विद्यार्थी ने साझा किए भावुक संस्मरण”
पानीपत के एक दिव्यांग बच्चे के लिए खुशखबरी, हरियाणा सरकार देगी बायोनिक कृत्रिम अंग!
चोरी के मामले में फरार भगोड़ा आरोपी द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा