नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/चंडीगढ़/शिव कुमार यादव/- हरियाणा में पंचायत चुनाव 30 सितंबर से पहले संपन्न होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचायत एवं विकास विभाग के चुनाव कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन चुनावों में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण नहीं मिलेगा। एससी व महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित की जाएंगी। पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र बबली ने गुरुवार देर शाम यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए राज्य चुनाव आयोग को कह दिया है। जिला परिषद, बीडीसी और सरपंच का चुनाव ईवीएम व पंच का चुनाव मत पत्र से होगा। चुनाव दो चरण में होंगे या एक साथ यह निर्णय सरकार व आयोग जल्दी लेंगे।
उधर, चुनाव आयोग डीसी को लिखे पत्र में दो चरण में चुनाव होने की संभावना जता चुका है। एक साथ चार वोट डालने पर मतदाता कई बार संशय में पड़कर गलत वोट भी डाल देता है। जिला परिषद व बीडीसी अध्यक्ष पद के लिए सीधा चुनाव नहीं होगा। निर्वाचित सदस्य ही उन्हें चुनेंगे।
मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 22 जुलाई को होना है। उसके बाद 20 दिन के अंदर आपत्तियों को निपटाया जाएगा। अगस्त के दूसरे या तीसरे सप्ताह में आयोग चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। डीसी को चुनाव की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। 1000 लोगों पर एक मतदान केंद्र होगा। चुनाव के लिए लगभग 75 हजार ईवीएम मंगवाई जा चुकी हैं।
23 फरवरी 2021 को हरियाणा में पंचायतों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। पंचायत चुनाव लगभग डेढ़ साल देरी से हो रहे हैं। महिलाओं के लिए 33 की जगह 50 फीसदी सीटें सम-विषम फार्मूला अनुसार तय करने और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल होने पर चुनाव में देरी हुई।


More Stories
गुभाना में मनाई गई अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती!
पानीपत के एक दिव्यांग बच्चे के लिए खुशखबरी, हरियाणा सरकार देगी बायोनिक कृत्रिम अंग!
पुणे अल्ट्रा मैराथन में बहादुरगढ़ के गुलाब सिंह का ऐतिहासिक प्रदर्शन
BRG के धावक राजेश रघुवंशी ने चंदर नाहन झील ट्रेक सफलतापूर्वक किया पूरा, बढ़ाया बहादुरगढ़ का मान
रन अगेंस्ट ड्रग एब्यूज में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप का शानदार प्रदर्शन
स्विमिंग पूल में योग कर तैराकों ने दिया स्वास्थ्य का संदेश!