नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/बाहरी दिल्ली/ ब्यूरो : राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तर जिले के सुल्तानपुर डबास इलाके से महिला की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सुल्तानपुर डबास मेन चौक पर सोमवार सुबह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता 38 वर्षीय मनीषा डबास को गोली मार दी गई. वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

सोमवार सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर मनीषा डबास अपनी दुकान पर मौजूद थीं. इसी दौरान एक हमलावर वहां पहुंचा और मनीषा को गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही थाना बवाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना बवाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की कई टीमों को जांच में लगाया गया. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की गई. लगातार मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस टीम करीब चार घंटे में आरोपी तक पहुंच गई. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की डबास पुत्र राजवीर, निवासी सुल्तानपुर डबास के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतका के दिवंगत पति के परिवार से है और रिश्ते में चचेरा देवर लगता है.

वहीं मौके पर पहुंची कैट्स एम्बुलेंस की कर्मचारी ने बताया कि उन्हें कॉल प्राप्त हुई कि सुल्तानपुर डबास में गोली चली है. जब हम मौके पर पहुंचे तो तमाम पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद थे ओर जांच कर रहे थे
प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक तनाव को हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि हत्या की असली वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. महज चार घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.





More Stories
HR :हरियाणा के समालखा में सतगुरु के दिव्य संदेश से आलोकित हुई चेतना, 79वें निरंकारी संत समागम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
द्वारका में 53 ग्राम हेरोइन के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिली नई ताकत, 200 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थामा पार्टी का दामन
ADG डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार के भगवानपुर में जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं
देहरादून में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत चार गिरफ्तार
बहादुरगढ़ में 100 दिन में दिखने लगा मियावाकी जंगल का असर, पौधों की तेजी से बढ़ी लंबाई