
हरिद्वार/अनीशा चौहान/- उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में 27 जुलाई, रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सावन माह में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 से 35 लोग घायल हुए।
घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही, हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
रविवार सुबह मनसा देवी मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। सुबह करीब 9 बजे, मंदिर के पैदल मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीड़ के बीच बिजली के तार में करंट फैलने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह से भयभीत होकर श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। मंदिर का सीढ़ी मार्ग संकरा होने के कारण लोग एक-दूसरे पर गिरने और कुचलने लगे, जिससे कई श्रद्धालु घायल हो गए और कुछ की मौके पर ही मौत हो गई।

मुआवज़े और जांच की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
सीएम ने कहा, “यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। सरकार पीड़ितों के साथ है और घायलों को बेहतर उपचार दिया जा रहा है।” उन्होंने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए, ताकि हादसे के असली कारण और जिम्मेदारों की पहचान की जा सके।
प्रशासन का त्वरित एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि करीब 35 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है। मंदिर परिसर को खाली कराया गया और स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में कर लिया गया है। प्रशासन श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है।





More Stories
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चे को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
दहेज मामले में वांछित दो घोषित अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली में बिल्डिंग ढहने की सजा एमसीडी अधिकारियों को ही क्यूं!