नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/बीरेन्द्र कुमार – टोक्यों ओलंपिक में खिताब की प्रबल दावेदार गत चैंपियन कैरोलिना मारिन बायें घुटने में चोट के कारण मंगलवार को टोक्यो ओलंपिक से हट गईं। रियो ओलंपिक के फाइनल में भारत की स्टार खिलाड़ी पी वी सिंधु को हराकर वह चैंपियन बनी थी। इस स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी को चोट से उबरने के लिए सर्जरी करानी पड़ेगी। स्पेन की इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने शनिवार को ट्रेनिंग के दौरान घुटने में दर्द महसूस किया और परीक्षण में चोट का पता चला था।
अपनी चोट का खुलासा करते हुए मारिन ने ट्विट कर बताया कि ‘‘सप्ताहांत परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श के बाद मैं पुष्टि कर सकती हूं कि मेरे बायें घुटने में चोट है। इस हफ्ते मेरी सर्जरी होगी और फिर मैं रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरूंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह एक और झटका है जिसका सामना मुझे करना पड़ रहा है। पिछले दो महीने में उन कारणों से तैयारी काफी मुश्किल रही तो टीम के नियंत्रण में नहीं थे लेकिन हम रोमांचित थे और पता था कि मैं ओलंपिक के दौरान सर्वश्रेष्ठ स्थिति में रहूंगा। ऐसा अब संभव नहीं होगा।’’ ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे। तीन बार की विश्व चैंपियन मारिन खिताब की प्रबल दावेदार थी क्योंकि वह शानदार फॉर्म में चल रही थी और इस साल पांच फाइनल में खेलते हुए चार खिताब जीतने में सफल रही।
उन्होंने कहा, ‘‘इन दिनों में सहयोग और संदेश के लिए मैं सभी को धन्यवाद कहना चाहती हूं। मुझे पता है कि मैं सुरक्षित हाथों में हूं और काफी सारे लोग मेरे साथ हैं।’’ इससे पहले जनवरी 2019 में मारिन के दायें घुटने में चोट लगी थी जिसके कारण वह उस साल सितंबर तक कोर्ट से दूर रही थी। मारिन ने 2016 रियो ओलंपिक के फाइनल में भारत की पीवी सिंधू को हराकर खिताब जीता था।


More Stories
SIR अभियान पर निर्वाचन आयोग सख्त, जिलाधिकारियों को दिए निर्देश
E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला!
द्वारका सेक्टर-9 में चलती डीटीसी बस में लगी भीषण आग
नजफगढ़ में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन ‘चक्र’ में दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता, 25 वाहन चोर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹70 करोड़ के साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़