
नई दिल्ली/द्वारका/उमा सक्सेना/- आदर्श अपार्टमेंट और पालम ड्रेन के बीच से होकर जाने वाली मुख्य सड़क द्वारका के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। लेकिन अफसोसजनक स्थिति यह है कि कुछ असचेत लोग सड़क किनारे अनावश्यक रूप से कूड़ा डाल देते हैं, जिसके चलते न केवल गंदगी फैलती है बल्कि आवागमन भी प्रभावित होता है। दुर्गंध के कारण आसपास के निवासियों का जीना दूभर हो जाता है और मधु विहार, राजापुरी, भरत विहार तथा आसपास के क्षेत्रों के स्कूली बच्चों के लिए इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है।

सफाई अभियानों के बावजूद स्थिति जस की तस
स्थानीय आर.डब्ल्यू.ए. और सामाजिक संगठनों की ओर से समय-समय पर सफाई अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ लोगों की लापरवाही के कारण स्थिति बार-बार बिगड़ जाती है। सफाई के बाद भी कुछ घंटों में सड़क के किनारे फिर से कूड़े के ढेर लग जाते हैं, जिससे निगम और स्थानीय निवासियों के प्रयास बेअसर हो जाते हैं।
निगम और जनप्रतिनिधियों का निरंतर सहयोग
फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन एवं आर.डब्ल्यू.ए. मधु विहार के प्रधान रणबीर सिंह सोलंकी ने बताया कि दिल्ली नगर निगम के सहयोग से इस सड़क की सफाई नियमित रूप से कराई जाती है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए वार्ड संख्या 121 द्वारका-ए के पार्षद श्री रामनिवास गहलोत तथा दिल्ली नगर निगम नजफगढ़ जोन की चेयरमैन सविता पवन शर्मा का आभार व्यक्त किया।
“सफाई व्यवस्था नागरिकों की जिम्मेदारी भी है” — सोलंकी
सोलंकी ने कहा कि —
“सफाई व्यवस्था को बनाए रखना केवल निगम का नहीं बल्कि हम सभी नागरिकों का दायित्व है। यदि जनता सहयोग नहीं करेगी, तो निगम को मजबूरन इस मार्ग को बंद करना पड़ सकता है।”
उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि सड़क किनारे कूड़ा न डालें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग दें। कूड़ा केवल निर्दिष्ट स्थानों पर ही फेंकें ताकि क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बना रहे।





More Stories
दिल्ली में वकील-पुलिस विवाद के बीच दो अधिकारियों का तबादला, ACP मनस्वी वशिष्ठ SPUWAC भेजीं गईं
दिल्ली: दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर पुलिस का शिकंजा, करावल नगर में 221 किलो संदिग्ध घी बरामद, एक गिरफ्तार
आदि कैलाश की चुनौतीपूर्ण दौड़ में चमके बीआरजी के धावक, कर्नल कृष्ण बधवार प्रथम और महेश चंद द्वितीय
तीस हजारी कोर्ट के पास 24.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन मिलाप: 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लापता 13 वर्षीय बच्ची सकुशल मिली
नॉर्थ जिला पुलिस की तीन कार्रवाइयों में पांच आरोपी गिरफ्तार, आठ मामले सुलझाने का दावा