
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/नॉर्थ जिला ब्यूरो,:। दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर के गेट नंबर-5 के पास 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में नॉर्थ जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में छह संदिग्धों की पहचान की है और उनमें से एक आरोपी गौरव उर्फ टेड़ा को शाहदरा से गिरफ्तार किया है। वहीं, आगरा में अनिकेत उर्फ कालू के घर से 15.90 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अनिकेत इस लूट की साजिश का मुख्य आरोपी है। वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी और शेष नौ लाख रुपये की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बाइक से जा रहे कारोबारी से छीना था नकदी से भरा बैग
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को शाम करीब सात बजे 48 वर्षीय शिकायतकर्ता सुरेश शर्मा कुचा महाजन से 24.90 लाख रुपये लेकर अपनी मोटरसाइकिल से करावल नगर की ओर जा रहे थे। जब वह तीस हजारी कोर्ट परिसर के गेट नंबर-5 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीसीआर कॉल की गई। शिकायत के आधार पर सब्जी मंडी थाने में एफआईआर नंबर 463/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने छह संदिग्धों की पहचान की, जो दिल्ली के दिलशाद गार्डन, शाहदरा और उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले बताए गए हैं।
शाहदरा से गिरफ्तारी, आगरा में मिले 15.90 लाख रुपये
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौरव उर्फ टेड़ा को शाहदरा से गिरफ्तार किया। इसके बाद आगरा में अनिकेत उर्फ कालू के घर से 15.90 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि यह बरामदगी मामले की जांच में अहम सफलता है।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार करने, लूटी गई शेष नौ लाख रुपये की रकम बरामद करने और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है। जांच के दौरान लूट की पूरी साजिश और आरोपियों के आपसी संबंधों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से इस मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।





More Stories
आदि कैलाश की चुनौतीपूर्ण दौड़ में चमके बीआरजी के धावक, कर्नल कृष्ण बधवार प्रथम और महेश चंद द्वितीय
ऑपरेशन मिलाप: 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लापता 13 वर्षीय बच्ची सकुशल मिली
नॉर्थ जिला पुलिस की तीन कार्रवाइयों में पांच आरोपी गिरफ्तार, आठ मामले सुलझाने का दावा
मुख्यमंत्री धामी ने कीर्तिनगर के मलेथा में भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से की मुलाकात
गाजियाबाद: पुलिस और बावरिया गिरोह की मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश धर्मेंद्र ढेर; तीन पुलिसकर्मी भी घायल
दिवाली और छठ के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें, ये रहेगा रूट, यहां देखें ट्रेनों की लिस्ट