
हल्द्वानी/अनीशा चौहान/- शहर के हल्दुपोखरा रोड (बिरला स्कूल के पीछे) मंगलवार शाम को खुलेआम बदमाशी और फायरिंग की वारदात से दहल उठा। एक चलती कार को घेरकर 10 से 15 बदमाशों ने ईंट-पत्थरों और हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक युवक को गोली लगने से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, चार युवक कार से घूमने निकले थे, तभी अचानक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। पहले कार पर पत्थरबाजी और मारपीट हुई, फिर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से भास्कर बोरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हरीश सिंह मेहरा और गणेश दरम्वाल को बुरी तरह पीटा गया। तीनों को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां से भास्कर को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बदमाशों ने पहले कार को घेरकर उसमें बैठे युवकों को बाहर निकाला और बेरहमी से पीटा। उसके बाद अचानक गोलियां चलने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि घटना दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में हल्द्वानी के चर्चित आईटीआई गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और कुछ संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।
शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।





More Stories
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चे को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
दहेज मामले में वांछित दो घोषित अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली में बिल्डिंग ढहने की सजा एमसीडी अधिकारियों को ही क्यूं!