नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम ने एक घोषित भगोड़ा (Proclaimed Offender) आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3,000 क्वार्टर (करीब 540 लीटर) हरियाणा मार्का अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई i20 कार भी जब्त कर ली है।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशन में जिले में नशा और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएटीएस की टीम को अवैध शराब की खेप दिल्ली में लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 23 जुलाई 2026 को द्वारका-ककरोला मेट्रो रूट स्थित मेट्रो लाइन यार्ड के पास जाल बिछाया। इस दौरान एक हुंडई कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 60 पेटियों में रखे 3,000 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से चालक नरेश कुमार उर्फ रोहित (28) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही आबकारी अधिनियम के एक मामले में घोषित भगोड़ा (Proclaimed Offender) है। उसे 7 अप्रैल 2025 को अदालत ने थाना छावला के मामले में भगोड़ा घोषित किया था।
इस मामले में थाना द्वारका नॉर्थ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
इस कार्रवाई को एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एसआई धनंजय, हेड कांस्टेबल इंदर, प्रदीप, सोनू और संदीप की टीम ने एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध शराब की सप्लाई व वितरण से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अभियान के तहत द्वारका जिले में नशा और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


More Stories
द्वारका पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग दबोचा!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, चार विदेशी नागरिक डिपोर्ट!
रूप नगर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात
बुराड़ी पुलिस ने ऑटो लिफ्टर और स्नैचर गैंग का किया भंडाफोड़!
प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, 150 क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार