नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- द्वारका जिले के बिंदापुर थाना पुलिस ने एक सक्रिय स्नैचिंग आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से छीनी गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
एटीएम से पैसे निकालकर लौट रहे युवक से हुई थी लूट
पुलिस के अनुसार 2 मार्च 2026 की सुबह शिकायतकर्ता विशाल कुमार, जो उत्तम नगर के नन्हे पार्क इलाके के निवासी हैं, बिंदापुर थाने पहुंचे और उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह एटीएम से पैसे निकालकर रामनगर रोड की ओर जा रहे थे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक उनके पास आए और उनसे करीब 3000 रुपये की नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद मिली सफलता
पुलिस टीम ने इलाके के एटीएम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। करीब 150 से अधिक कैमरों की फुटेज देखने के बाद पुलिस को एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो संदिग्ध युवकों की पहचान मिली। लगातार फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर पता लगाया और उसके आधार पर आरोपी की पहचान कर ली।
आरोपी से नकदी और बाइक बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहन प्रिंजा नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से छीनी गई रकम में से 1500 रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके अन्य साथी की तलाश में भी जुट गई है।
पूछताछ में सामने आई वारदात की पूरी कहानी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी डब्बू उर्फ पारस के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने एटीएम से पैसे निकालते हुए एक व्यक्ति को देखा और उसके पीछे-पीछे जाकर मौका देखकर नकदी छीन ली। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए और बाद में छीनी गई रकम आपस में बांट ली।
शराब पीने के लिए की थी वारदात
जांच के दौरान आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने यह अपराध शराब पीने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से किया था। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।


More Stories
‘हनुमान अंश’ के बाद प्रेमानंद जी महाराज पर बनेगी ‘राधा अंश’! विराट कोहली-अनुष्का शर्मा होंगे फिल्म का हिस्सा
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
बेटी संबंध बनाते वक्त रिकॉर्ड करती थी प्राइवेट वीडियो, फिर पिता करता था ब्लैकमेल! SO की मौत के बाद बस्ती में खुला हनीट्रैप का बड़ा खेल!
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चे को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया