नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- द्वारका जिले के अंतर्गत आने वाले थाना मोहन गार्डन की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सरकारी कर्मचारी से मारपीट कर लूटी गई सोने की चेन के मामले में तीन आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 11 ग्राम वजनी सोने की चेन भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश अंतिल की देखरेख में किया गया।
देर रात वारदात, पीसीआर कॉल से खुला मामला
20-21 फरवरी 2026 की दरमियानी रात पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि भगवती गार्डन एक्सटेंशन क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसकी चेन छीन ली गई है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजेश कुमार पुलिस दल के साथ द्वारका मोड़ स्थित घटनास्थल पर पहुंचे।
पीड़ित अभिषेक हुड्डा (30 वर्ष), निवासी भगवती गार्डन एक्सटेंशन, ने बताया कि वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। द्वारका मोड़ के पास एक रेस्तरां के निकट तीन युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी संख्या 49/26 भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और खुफिया सूचना से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिसकर्मियों ने मोहन गार्डन, बिंदापुर और रन्होला क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने मोहर सिंह (28 वर्ष), गौरव उर्फ गोलू (22 वर्ष) और करण (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई।
पूछताछ में कबूला अपराध
गहन पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही 20-21 फरवरी की रात पीड़ित के साथ मारपीट कर चेन लूटी थी। पुलिस के अनुसार मोहर सिंह के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गौरव उर्फ गोलू दो मामलों में संलिप्त रह चुका है।
पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और संभावित अन्य वारदातों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए सघन अभियान जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


More Stories
सोनू दरियापुर गैंग का अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
महंगे सामानों की खरीद पर सवाल, सिंधिया ने BSNL मामले में शुरू कराई कार्रवाई
डार्क पैटर्न पर नहीं चलेगी चालाकी, RBI ने बैंकों को दिया साफ संदेश
कैबिनेट में जवाबदेही की बारी, पीएम मोदी करेंगे मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा
पुलिस थाना कोतवाली की टीम को बड़ी सफलता, तीन मामलों का हुआ पर्दाफाश
RSS मंथन में नितिन नवीन की भागीदारी, भाजपा में नई सियासी हलचल संभव