पटना/सिमरन मोरया/- बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों, विधानसभा और विधानपरिषद में शुक्रवार को कार्यवाही के दौरान सरकार को पटना के हॉस्टलों में छात्रा की मौत, फुलवारीशरीफ में मौत और शिक्षकों से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ा। इस दौरान अशोक चौधरी ने राबड़ी देवी को विधानपरिषद की कार्यवाही के दौरान बहुत कुछ सुना दिया। उन्होंने यहां तक कहा कि राबड़ी देवी उनके मरने के लिए मनाते रहती हैं।
राबड़ी देवी ने सम्राट चौधरी को कोसा
बिहार विधानपरिषद की सदस्य और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने सम्राट चौधरी को जम कर कोसा। राबड़ी देवी ने कहा कि ‘सम्राट चौधरी दावा करते हैं कि वो अपराधियों को 24 घंटे के अंदर पकड़वाकर सजा दिलवाएंगे वरना अपना इस्तीफा देंगे। लेकिन अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे। रोजाना रेप और मर्डर जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है।
फुलवारीशरीफ छात्रा कांड की सदन में गूंज
इसी दौरान विधानपरिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने फुलवारीशरीफ में छात्रा को छत से फेंक कर मारने की कथित हत्या का मुद्दा भी उठाया। राबड़ी ने कहा कि वो हादसा नहीं बल्कि सरकार के सिस्टम की नाकामी की ताजा बानगी है। वहीं इस मामले को लेकर पटना एम्स के पास लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन भी किया। उनका साथ फुलवारी के पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने भी दिया।
राबड़ी चाहतीं हैं कि मैं मर जाउं- अशोक चौधरी
इन हमलों के बदले में सरकार भी पीछे नहीं रही। मंत्री अशोक चौधरी ने तो विधानसभा के बाहर प्रेस से बात करते हुए कहा कि ‘ऊ (राबड़ी देवी) तो चाहती हैं कि सम्राट जी भंस (जमीन में धंस) जाएं, अशोक चौधरी मर जाएं। लेकिन उनके सोचने भर से ऐसा होने से रहा। राबड़ी देवी को अपने राज को याद करना चाहिए जब बिहार में 100 से ज्यादा नरसंहार कर दिए गए। डॉक्टरों से लेकर कारोबारी तक प्रदेश छोड़ कर दूसरे राज्यों में शिफ्ट हो गए। नीतीश कुमार ने तो अपने शासन काल में लोगों को भयमुक्त माहौल दिया है।’
बीजेपी विधानपार्षद ने अपनी सरकार से ही पूछ दिए सवाल
विधानपरिषद में सत्ताधारी NDA के लिए असहज स्थिति तब हो गई जब सत्ताधारी बीजेपी के MLC प्रोफेसर नवल किशोर यादव ने अपनी ही सरकार के सामने बिहार के स्कूलों में बेंच-डेस्क घपले का मुद्दा उठाया। नवल किशोर यादव ने स्कूल के बेंच-डेस्क खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हाईलेवल जांच की मांग तक कर दी। उन्होंने इस दौरान नालंदा के इस्लामपुर का उदाहरण दिया और कहा कि DEO और हेडमास्टर का गठजोड़ ही इन गड़बड़ियों के पीछे है।
राबड़ी ने महिला शिक्षकों का मुद्दा सदन में उठाया
बिहार विधानपरिषद में महिला शिक्षकों का मुद्दा भी उठा। नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने कहा कि दूर के जिलों में तबादले से सबसे ज्यादा परेशानी महिला टीचरों को हो रही है। उन्हें अपने घर बच्चों को छोड़ कर दूर जाना पड़ रहा है। ऐसे में महिला शिक्षकों को होम डिस्ट्रिक्ट में पोस्टिंग मिलनी चाहिए।


More Stories
JPSC परीक्षा में कथित सौदेबाजी का खुलासा, करोड़ों के लेन-देन के दावे से मचा हड़कंप
राजेश गहलोत की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
DTC बस की टक्कर से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, गुस्साई भीड़ ने बस में की तोड़फोड़
15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, 6 अहम ठिकानों पर अलर्ट!
1350 क्वार्टर अवैध शराब के साथ सप्लायर गिरफ्तार!
दो चोरी की बाइक के साथ ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार