नई दिल्ली/नजफगढ़/उमा सक्सेना/- नजफगढ़ क्षेत्र में गंदगी, सड़क किनारे जमा मिट्टी और लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर प्रशासन ने हाल ही में सख्त रुख अपनाने का दावा किया। इसी कड़ी में नजफगढ़ ज़ोन के उपायुक्त सुमित और एमसीडी अधिकारियों की टीम ने स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ फिरनी क्षेत्र का निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। दौरे के दौरान सफाई व्यवस्था, सड़क किनारे पड़े मलबे के ढेर और पुराने खैरा रोड पर जाम की गंभीर समस्या को अधिकारियों के सामने रखा गया।

निरीक्षण के समय अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए एक सप्ताह के भीतर सड़क से मिट्टी और कचरा हटाकर यातायात सुचारु करने का आश्वासन दिया। साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्ती बरतने की बात कही गई, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बाजारों और सड़कों के किनारे अवैध कब्जे पहले की तरह बने हुए हैं, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति जस की तस बनी हुई है। दुकानों और ठेलों के फैलाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। निवासियों का आरोप है कि केवल निरीक्षण और आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक जमीनी स्तर पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने दोहराया कि चाहे सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन हो या किसी अन्य विभाग के, क्षेत्र की समस्याओं से मुंह नहीं मोड़ा जाएगा। नजफगढ़ को परिवार मानते हुए विकास और व्यवस्था सुधारना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन अब लोगों की मांग है कि वादों के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने की वास्तविक कार्रवाई भी दिखाई दे।


More Stories
पालम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य समारोह
दादा देव मंदिर में बैसाखी पर्व का भव्य आयोजन
करोल बाग में नकली ऑटो पार्ट्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में नकली कॉस्मेटिक्स गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
जहांगीरपुरी में ‘नरेंद्र गैंग’ पर बड़ा प्रहार, दबोचे दो शातिर अपराधी
नोएडा में श्रमिकों की मांग रंग लाई, वेतन वृद्धि को मिली मंजूरी