रुद्रप्रयाग/अनिशा चौहान/- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में घोलतीर के पास हुए भीषण बस हादसे में एक और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। गुरुवार तड़के हुई इस सड़क दुर्घटना के बाद से अब तक कुल 08 घायल यात्रियों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 09 लोग अभी भी लापता हैं। लापता यात्रियों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि बस रुद्रप्रयाग से लगभग 12 किलोमीटर आगे घोलतीर के पास 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे के समय बस में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से 08 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
रेस्क्यू टीमों द्वारा अब तक 03 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से एक महिला का शव अलकनंदा नदी में धारी देवी और डुंगरीपंथ क्षेत्र के बीच मिला है। शव की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के कारणों की जांच करते हुए पुलिस ने कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया है। प्रथम दृष्टया जांच में बस चालक की लापरवाही और कुछ तकनीकी खामियां सामने आई हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालना), धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) और धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन संचालन) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
लापता यात्रियों की तलाश के लिए पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें ड्रोन, वॉचर और अन्य उन्नत तकनीकों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने हादसे में लापता लोगों के परिजनों से संपर्क बनाए रखने और उन्हें हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


More Stories
पालम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य समारोह
दादा देव मंदिर में बैसाखी पर्व का भव्य आयोजन
करोल बाग में नकली ऑटो पार्ट्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में नकली कॉस्मेटिक्स गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
जहांगीरपुरी में ‘नरेंद्र गैंग’ पर बड़ा प्रहार, दबोचे दो शातिर अपराधी
नोएडा में श्रमिकों की मांग रंग लाई, वेतन वृद्धि को मिली मंजूरी