उत्तराखंड/देहरादून/अनीशा चौहान/- उत्तराखंड की धामी सरकार इस माह प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव की तैयारी में है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के पदभार ग्रहण करने के बाद शासन स्तर पर बड़े पैमाने पर विभागीय पुनर्आवंटन और अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल संभावित है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिल सकती हैं नई जिम्मेदारियाँ
मुख्य सचिव बनने से पहले आनंद बर्द्धन जिन विभागों को देख रहे थे, अब वे अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपे जा सकते हैं। शासन में कार्यरत प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई और आर. मीनाक्षी सुंदरम को अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा, सचिव स्तर के अन्य अधिकारियों को भी नए विभाग दिए जा सकते हैं।
अपर सचिवों का हो सकता है प्रमोशन
वर्तमान में एक या दो विभागों का कार्य देख रहे अपर सचिवों को भी पदोन्नत कर नई जिम्मेदारियाँ दी जा सकती हैं। अपर सचिव स्तर पर भी कुछ अधिकारियों के प्रभारों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
जिलाधिकारियों के तबादले की चर्चा तेज
प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिलाधिकारियों के स्थानांतरण पर भी विचार चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, गढ़वाल और कुमाऊँ मंडलों के दो-दो जिलों में डीएम बदले जा सकते हैं। चूंकि अगले माह पंचायत चुनावों की अधिसूचना जारी हो सकती है, सरकार चाहती है कि सभी प्रशासनिक बदलाव इस माह पूरे कर लिए जाएं।
सरकार की चुनावी तैयारियों को मिलेगी रफ्तार
वित्तीय वर्ष 2024-25 की शुरुआत के साथ ही सरकार प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाना चाहती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति के बाद इस माह बड़े पैमाने पर प्रशासनिक आदेश जारी होने की उम्मीद है। इन बदलावों का उद्देश्य शासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना और चुनावी तैयारियों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाना है।


More Stories
उत्तराखंड: विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ 28वीं यात्रा
नोएडा में बेकाबू हुआ मजदूरों का गुस्सा, कई गाड़ियों में आगजनी
आरजेएस पीबीएच का 538वां राष्ट्रीय वेबिनार संपन्न
अंतरराज्यीय ऑटो-लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, 6 बाइक बरामद
द्वारका जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
250 CCTV खंगालकर चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार