अनीशा चौहान/- दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से कर रहे हैं। खासकर आम आदमी पार्टी (AAP) चुनावी तैयारियों में अन्य दलों से काफी आगे दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को कनॉट पैलेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे, जहां वे “पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना” का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान, वे हनुमान मंदिर के पुजारियों का रजिस्ट्रेशन भी करेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री अतिशीकरोल बाग स्थित गुरुद्वारे के ग्रंथियों का रजिस्ट्रेशन करके इस योजना का शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी केजरीवाल ने मंगलवार को अपने एक्स अकाउंट से दी है।
अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान
सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अगर उनकी सरकार फिर से बनती है, तो दिल्ली के सभी पुजारियों और ग्रंथियों को 18,000 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि पुजारी हमारे सुख-दुख के साथी होते हैं। शादी, बच्चों के जन्मदिन, खुशी के मौके या किसी के निधन पर वे हमेशा हमारे साथ रहते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से आज तक किसी ने उनकी तरफ ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आगे कहा कि अगर उनकी सरकार दोबारा बनती है, तो दिल्ली के पुजारियों और ग्रंथियों को 18,000 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी।
भा.ज.पा. का हमला
अरविंद केजरीवाल के इस घोषणा के बाद भाजपा ने उन पर हमला बोल दिया है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली भाजपा और उसके पुजारी प्रकोष्ठ द्वारा चलाए गए आंदोलन के दबाव के कारण ही केजरीवाल को यह योजना घोषित करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका के बाद केजरीवाल को मौलवियों का वेतन भत्ता बंद करने का खतरा था, इसलिए उन्होंने कोर्ट को गुमराह करने के लिए “पुजारी ग्रंथी योजना” की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब की सरकार ऐसी कोई योजना दे रही है?
केजरीवाल की चुनावी घोषणाओं की झड़ी
चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने कई अन्य बड़े ऐलान किए हैं, जिनमें ऑटो ड्राइवरों के लिए कई योजनाएं, बुजुर्गों के लिए पेंशन 2500 रुपए तक बढ़ाने, महिलाओं को 2100 रुपए की सम्मान राशि देने और 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, केजरीवाल ने हर घर में नल से साफ पानी उपलब्ध कराने का भी वादा किया है। इन वादों के साथ केजरीवाल चुनावी बैतरणी पार करने की कोशिश कर रहे हैं।


More Stories
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
13 साल की लंबी जंग के बाद हरीश राणा का निधन
महिला आरक्षण कानून को लेकर हलचल तेज, संसद में जल्द आ सकते हैं नए विधेयक
द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी,ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
द्वारका में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 बाहरी अपराधी गिरफ्तार
भोजपुरी स्टार पर लगा आरोप: महिला आयोग ने लिया संज्ञान, जांच तेज