
नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता के लिए एक विशेष संदेश जारी किया है। चुनाव प्रचार थमने से ठीक पहले पीएम मोदी ने दावा किया कि उन्होंने बीते कुछ दिनों में पूरे हरियाणा का दौरा किया है और जनता का जो उत्साह देखा है, उससे उन्हें पूरा विश्वास हो गया है कि हरियाणा की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आशीर्वाद देने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि हरियाणा के देशभक्त लोग कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
5 अक्टूबर को होगा मतदान
हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होने वाला है। बीजेपी को इस चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद है। चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है, और इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया है कि राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर जनता को अपने संदेश दिए।
हरियाणा को घोटालों और दंगों के दौर से बाहर निकाला
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी ने हरियाणा के लोगों के जीवन को समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा, “हमने सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। चाहे किसान हों, युवा हों, महिलाएं हों, गांव और शहरों का विकास हो, हमने हरियाणा को कांग्रेस के घोटालों और दंगों के दौर से बाहर निकाला है।”
कांग्रेस का मतलब दलाल और दामाद का सिंडिकेट
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा की जनता जानती है कि कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता और भाई-भतीजावाद की गारंटी है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का मतलब है दलाल और दामाद का सिंडिकेट। लोग हिमाचल से कर्नाटक तक कांग्रेस सरकारों की विफलता देख रहे हैं। कांग्रेस की नीतियां हमेशा लोगों को तबाह करती हैं, इसलिए हरियाणा के लोग कांग्रेस को कभी नहीं चाहेंगे।”
कांग्रेस को सजा देने का मन बना चुकी है जनता
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आरक्षण को खत्म करने की बात कहकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। हरियाणा का पिछड़ा और दलित समुदाय कांग्रेस से पहले से ही नाराज है, और इस बार जनता ने कांग्रेस को कड़ी सजा देने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, “हरियाणा की गली-गली से एक ही आवाज आ रही है – ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से।'”
दुनिया की नजरें भारत पर
अपने संदेश के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया की नजरें भारत पर हैं। दुनिया भारत की ओर आशा और उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा, “ऐसे में यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हरियाणा के लोग एक ऐसी सरकार चुनें जो भारत को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करे। कांग्रेस देश को कभी मजबूत नहीं बना सकती, इसलिए मैं हरियाणा के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे एक बार फिर भाजपा को अपना आशीर्वाद दें।”





More Stories
आरटीआई पर लापरवाही पड़ी भारी, दंडात्मक कार्रवाई से बचने नियमों को समझें अधिकारी
प्राचीन श्री रामलीला हल्द्वानी: शबरी देखी राम गृह आए। मुनि के बचन समुझि जिय भाए”
राहुल गांधी का मानसिक संतुलन खराब हो गया है, देश से मांफी मांगें : अजय भट्ट, सांसद
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके गिरफ्तार, शांति भंग के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस
38 करोड़ के खर्च से हर महीने ₹15 करोड़ बचाएगी दिल्ली पुलिस, 16 जेलों में लगेंगे 840 VC सिस्टम
द्वारका कोर्ट से ट्रायल से बच रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार, एंटी-जेल बेल सेल की टीम को मिली सफलता।