ऋषिकेश/- पांच दिनों से लापता अंकिता भंडारी की नहर में धकेल कर हत्या की गई। यह खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर रिजॉर्ट के संचालक पूर्व राज्यमंत्री के बेटे रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य व उसके दो मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से गहन तलाशी के बाद अंकिता का शव चीला नहर से बरामद कर लिया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि रिसार्ट का मालिक पुलकित आर्य अंकिता से वेश्यावृति कराना चाहता था लेकिन उसके मना करने व यह बात सब को बताने के धमकी के बाद आरोपियों ने उसे मारकर नहर में फेंक दिया।
एएसपी कोटद्वार शेखर सुयाल ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पौड़ी गढ़वाल के नांदलस्यूं पट्टी के श्रीकोट निवासी अंकिता भंडारी (19) वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। वह गत 18 सितंबर को रहस्मय ढंग से लापता हो गई थी। रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य की ओर से उसकी गुमशुदगी राजस्व पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई।
बृहस्पतिवार तक अंकिता का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद मामला लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया था। इसके बाद जब पुलिस ने जांच की तो रिजॉर्ट के संचालक और उसके मैनेजरों की भूमिका सामने आई। रिजॉर्ट के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि 18 सितंबर को शाम करीब आठ बजे अंकिता रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर अंकित और भाष्कर के साथ रिजॉर्ट से गई थी। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे ये तीनों ही रिजॉर्ट में लौटे।

अंकिता उनके साथ नहीं थी। इस आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारे घटनाक्रम को उगल दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि अंकिता पर वह यहां आने वाले ग्राहकों से संबंध बनाने को कहते थे। यह बात अंकिता सबको बता रही थी। वह बार-बार रिजॉर्ट की हकीकत सामने लाने की धमकी दे रही थी। इस बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दो अलग-अलग वाहनों पर चारों लोग चीला बैराज के पास गए। वहां पर उन्होंने फास्टफूड के साथ शराब पी। इसके बाद आगे चले और नहर किनारे रुक गए।
मुख्यमंत्री के आदेश पर रिजॉर्ट पर चला बुलडोजर
शनिवार सुबह अंकिता का शव मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक के नेतृत्व में SIT का गठन कर त्वरित जांच के भी आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
शनिवार सुबह अंकिता का शव मिलने के बाद प्रदेशभर में जगह-जगह लोगों का गुस्सा दिखाई दे रहा है। सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। इस बीच एम्स ऋषिकेश के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। एम्स ऋषिकेश में अंकिता का पोस्ट माटर्म किया गया।
अंकिता हत्याकांड में लोगों को आक्रोश और विपक्ष की घेराबंदी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर शाम बड़ा निर्णय लिया। उनके आदेश पर आधी रात बुलडोजर चलाकर रिजॉर्ट को ढहा दिया गया। रिजॉर्ट ढहाने की कार्रवाई पौड़ी जिला प्रशासन और पुलिस ने की। उधर डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि राजस्व पुलिस से ट्रांसफर होकर मुकदमा जैसे ही पौड़ी पुलिस के पास आया तो इसमें त्वरित कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अंकिता के शव की तलाश की जा रही है। बावजूद इसके बहुत से लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को भड़का रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जायेगी। इस संबंध में सभी जिला प्रभारियों को सोशल मीडिया की निगरानी के आदेश दिए गए हैं।

इस दौरान यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट यहां पहुंची तो गुस्साई भीड़ ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। लोगों के विरोध के बाद एम्स से विधायक को निकालना पड़ा। दूसरी ओर मामले में धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आरोपी पुलकित आर्य के भाई अंकित की पिछड़ा आयोग से छुट्टी होगी। अंकित आर्य अभी पिछड़ा वर्ग आयोग का उपाध्यक्ष है। दूसरी तरफ गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलकित आर्य की फैक्टी में आग लगा दी। जोकि वनंत्रा रिजॉर्ट के पीछे बनी थी।
ऋषिकेश के अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपी पुलकित आर्य के पिता भाजपा नेता विनोद आर्य और भाई अंकित आर्यो को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। युवती का शव शनिवार सुबह बरामद हो गया है। इस बीच हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भाजपा विधायक रेनू बिष्ट की कार पर हमला कर दिया। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई है।

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि भाजपा ने अंकिता हत्याकांड में पुलकित आर्य की गिरफ्तारी के बाद पुलकित के पिता विनोद आर्य और उनके पुत्र डॉ. अंकित आर्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अंकित आर्य को उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है। प्रमुख सचिव एल फैनई ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
अंकिता हत्याकांड में प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोगों ने भाजपा विधायक रेनू बिष्ट के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनकी कार पर हमला कर दिया। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। आक्रोशित लोगों ने रिजॉर्ट में भी आग लगा दी। इससे पहले रिजॉर्ट में कार्रवाई करते हुए सीएम धामी के निर्देश पर बुलडोजर चलवा दिया गया था।
राहुल गांधी ने किया हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, ’’मुरादाबाद और उत्तराखंड में युवतियों के साथ जो घटनाएं हुई हैं, उनसे सबका दिल दहला दिया है। भारत जोड़ो यात्रा में, मैं कई प्रतिभाशाली बच्चियों और युवतियों से मिल रहा हूं, उन्हें सुन रहा हूं। एक बात साफ है, हमारा भारत तब ही आगे बढ़ेगा, जब देश की महिलाएं सुरक्षित होंगी।’’
अंकिता हत्याकांड का खुलासा होने के साथ ही एक और राज सामने आया। पता चला कि कुछ साल पहले भी एक युवती रिजॉर्ट से गायब हो गई थी। स्थानीय निवासी बिट्टू भंडारी ने बताया कि करीब सात-आठ साल पहले भी वनंत्रा रिजॉर्ट से एक कर्मचारी प्रियंका गायब हुई थी। रिजॉर्ट संचालक ने बताया कि था कि युवती रिजॉर्ट से सामान और पैसे लेकर भाग गई है।
बताया कि इसके युवती का कोई अता पता नहीं चला। वहीं एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सभी रिजॉर्ट की जांच के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो रिजार्ट अवैध बने हैं या अवैधानिक रूप से संचालित हैं उनके विरुद्ध तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश भर में स्थित होटल, रिजार्ट व गेस्ट हाउस आदि में कार्य करने वाले कर्मचारियों से भी उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की जाए। शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए।


More Stories
92% अंक आने के बाद भी टूटी छात्रा, पढ़ाई के दबाव ने छीनी मुस्कान
लुधियाना में हर्निया ऑपरेशन के दौरान मरीज ने गाए गीत
अमेरिका-ईरान वार्ता का दूसरा दौर इस्लामाबाद में संभव
होर्मुज सम्मेलन में मैक्रों-मेलोनी की मुलाकात चर्चा में
विक्की ठक्कर गैंग के दो शातिर बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
दुष्यंत चौटाला बोले- “सीआईए ने घरों में घुसकर की अभद्रता