
नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 पेटियों में भरी 1,350 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद की है। शराब को एक Hyundai कार के जरिए दिल्ली में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय प्रदीप हुड्डा पुत्र वेदपाल, निवासी गुलिया एन्क्लेव, नई अनाज मंडी के पीछे, नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी ही कार का इस्तेमाल अवैध शराब की सप्लाई के लिए कर रहा था।
गुप्त सूचना पर श्याम विहार रोड में दबिश
द्वारका जिला पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 7 अगस्त 2026 को स्पेशल स्टाफ टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में अवैध शराब लेकर श्याम विहार रोड, नजफगढ़ की तरफ आने वाला है।
सूचना के आधार पर टीम ने श्याम विहार रोड स्थित मेट्रो अपार्टमेंट के पास कार्रवाई की। पुलिस ने Hyundai कार को रोककर तलाशी ली। कार से 27 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 1,350 क्वार्टर बोतल अवैध शराब मिली।
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब पर हरियाणा में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था।
बहादुरगढ़ से शराब लाने का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित तौर पर शराब बहादुरगढ़, हरियाणा से लेकर आया था और उसे श्याम विहार इलाके में सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस ने शराब से भरी कार को भी जब्त कर लिया है। इसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, प्रदीप हुड्डा पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें उत्तम नगर थाना क्षेत्र का एक हत्या के प्रयास का मामला भी शामिल है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर शराब के सप्लायर और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
द्वारका जिला पुलिस के मुताबिक, ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत अवैध शराब और नशीले पदार्थों की सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी में शामिल अन्य लोगों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





More Stories
नजफगढ़ में PNB और SBI का वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों ने लिया लाभ
‘खेल के मैदान में दिखती है मिनी इंडिया की तस्वीर…’ गाजियाबाद में बोले उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी
झारखंड: खूंटी में बर्थडे पार्टी के बहाने 3 नाबालिग लड़कियों को ले गए, दो बहनों से गैंगरेप; तीसरी ने भागकर बचाई जान
दिवाली से पहले दिल्ली के बाजारों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर लगा भीषण जाम, यात्री बेहाल
धनतेरस की धूम: दिल्ली के डिप्टीगंज बाजार में खरीदारों का सैलाब, पीतल और कांसे के बर्तनों की बढ़ी डिमांड, जानें इस बाजार का इतिहास
दिवाली से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा एक्शन: अब तक 10, 660 किलो नकली खोया जब्त; 44 में से 35 सैंपल फेल